सतरंगी मंच पर साकार हुए पौराणिक प्रसंग

प्रभु चरित्र मंचन देखकर दर्शक हुए रोमांचित
IMG-20151009-WA0034ब्यावर, 9 अक्टूबर। अग्रवाल समाज के आराध्य श्री अग्रसेन महाराज का 5139वां जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत प्रभु भक्ति मंचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली से आए मनोज-रिया शर्मा एण्ड पार्टी के कलाकारों ने पौराणिक प्रसंगों पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुति दी। फतेहपुरिया बगीची में समाज अध्यक्ष मुकेश अरड़का, मंत्री नितेश गोयल, जयंती संयोजक महेंद्र सलेमाबादी, सह-संयोजक ओमप्रकाश अग्रवाल, श्यामसुंदर अग्रवाल व भरत मंगल ने अग्रसेन महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। गणेश आराधना के जलते हुए अंगारों के बीच हैरतअंगेज करतब दिखाए गए। जिन्हें देखकर दर्शकों ने दांतों तले अंगुलियां दबा ली। भगवान शिव की बारात व उज्जैन महाकाल की भस्म आरती आकर्षण का केंद्र रही। मां काली के विभिन्न रूप व भस्मासुर वध को देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। राम दरबार व सीता-हनुमान लीला के बीच वानर सेना ने दर्शकों के बीच जाकर अठखेलियां की। भगवान श्रीकृष्ण का राधा संग महारास व फूलों से शृंगार ने सभी का मन मोह लिया। सुदामा चरित्र माखन हांडी प्रसंग के दौरान समाज सदस्य भी भाव-विभोर होकर झूम उठे। मंच संचालन करते हुए युवा रचनाकार सुमित सारस्वत ने सभी का मनोरंजन किया। कार्यक्रम के बीच हवन की बोली भी लगाई गई। डॉ.राधेश्याम डाणी व रमेश बंसल द्वारा संपन्न करवाई गई बोली की रस्म में कौशल गर्ग ने सबसे अधिक बोली लगाकर सौभाग्य प्राप्त किया।
शुक्रवार को बालिकाओं के लिए कई रोचक प्रतियोगिताएं हुई। सांस्कृतिक संध्या में बालकों के लिए विविध वेशभूषा, कविता पाठ, वन मिनट शो व नृत्य प्रतियोगिता में सभी ने उत्साह के साथ भाग लिया। शनिवार को प्रात: 7 बजे से छावनी गर्ल्स स्कूल ग्राउंड में क्रिकेट प्रतियोगिता होगी। दोपहर 2 बजे से फतेहपुरिया बगीची में महिलाओं के लिए मटकी दौड़, रंगोली, शृंगार, म्यूजिकल चेयर व लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता होगी।

चौपड़ पर गुदगुदाएंगे कवि
शनिवार को रात्रि 8.30 बजे से फतेहपुरिया चौपड़ पर विराट कवि सम्मेलन होगा। इसमें हास्य कवि मनोज गुर्जर (मुंबई), सुनील व्यास (मुंबई), अशोक भाटी (उज्जैन) अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। सौरभ सुमन (मेरठ) व जगदीश सोलंकी (कोटा) वीर रस की रचनाओं से गगन गुंजायमान करेंगे। वहीं ब्यावर में पहली बार ख्यातनाम कवियत्री अनामिका अंबर (मेरठ) शृंगार से सरोबार कविताओं का रसपान कराएगी।

error: Content is protected !!