हार की आशंका से घबराई कांग्रेस कर रही बयानबाजी

आचार संहिता के उल्लंघन का बहाना बना कर अभी से बच कर भागने की फिराक में कांग्रेस नेता
हमने तो गार्गी पुरस्कार वितरण तक की तिथि बदल दी

प्रो. वासुदेव देवनानी
प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 13 जनवरी। शिक्षा राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता हार की आशंका से खोखली बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगा रही है जबकि हकीकत यह है कि भाजपा ने चुनाव की घोषणा के साथ ही सरकारी संसाधनों से दूरी बना ली थी। हमने तो अजमेर में होने वाले गार्गी पुरस्कार की तिथियां तक परिवर्तित कर फरवरी में कर दी।
शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि कांग्रेस को लोकसभा उपचुनाव में हार स्पष्ट दिखाई दे रही है। कांग्रेस के नेता अभी से यह बहाने बनाने लग गए हैं। उन्होंने हारने के बाद आचार संहिता के नाम पर बहाना बनाना तय कर लिया है। सरकार का एक भी मंत्राी इस उपचुनाव में सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग नहीं कर रहा है। हमने तो गार्गी पुरस्कार की तिथियां तक बदल दी।
श्री देवनानी ने कहा कि भाजपा चार साल तक राज्य सरकार के कार्यकाल में हुए विकास, सुशासन और संगठन के नाम पर चुनाव लड़ रही है। हमने हर जाति-वर्ग को साथ लेकर काम किया। अजमेर उत्तर सहित प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में हजारों करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए गए। कांग्रेस के पास विकास के नाम पर गिनवाने के लिए कुछ नहीं है। वे झूठे मुद्दों पर जनता को भ्रमित कर चुनाव लडना और जीतना चाहते हैें। लेकिन मतदाता अब समझदार है। वो कांग्रेस की चालों को समझ गया है। कांग्रेस पूरे देश में सिमटती जा रही है। अजमेर में एक बार फिर जनता कांग्रेस को नकार कर सबक सिखाएगी।

error: Content is protected !!