कांग्रेस में टिकटों की सौदेबाजी!

ब्यावर में टिकट के सौदागरों से दूर रहने की हिदायत देते कांग्रेस पर्यवेक्षक समरथ शर्मा।
ब्यावर में टिकट के सौदागरों से दूर रहने की हिदायत देते कांग्रेस पर्यवेक्षक समरथ शर्मा।

-सुमित सारस्वत- ब्यावर। आगामी निकाय चुनाव से पहले ब्यावर कांग्रेस में राजनीति गर्माने लगी है। यहां टिकट के दावेदारों से सौदेबाजी का गंभीर मामला सामने आया है। पीसीसी चीफ के नाम पर हो रही सौदेबाजी के खुलासे से ब्यावर कांग्रेस में बवाल मच गया है। भले ही मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट आ रही हो लेकिन आगामी निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों में सरगर्मियां तेज होने लगी है। जहां एक ओर समाज सेवा की चाह रखने वाले कार्यकर्ता टिकट का सपना संजोए हैं, वहीं इनके सपनों को पंख लगाने के लिए टिकट के दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार को ब्यावर पहुंचे कांग्रेस पर्यवेक्षक समरथ शर्मा के समक्ष यह खुलासा हुआ तो पार्टी में हलचल मच गई। पार्टी के कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने ब्यावर के एक नेता पर टिकटों की सौदेबाजी करने का गंभीर आरोप लगाया। पार्टी नेताओं द्वारा लगाए गए सौदेबाजी के आरोप को पर्यवेक्षक शर्मा ने भी स्वीकार किया। इतना ही नहीं, उनके अनुसार यह गोरखधंधा हर जगह हो रहा है। हालांकि, उनका कहना है कि पार्टी में टिकट वितरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया जाता है। इस खुलासे में सबसे बड़ी चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि सौदेबाजी करने वाला नेता खुद को पीसीसी चीफ सचिन पायलट का नजदीकी बताता है। कल पायलट के ब्यावर आगमन के दौरान भी यह नेता उनके साथ था। शिकायत के बाद पर्यवेक्षक ने कार्यकर्ताओं को सावधान रहने की हिदायत दी है। साथ ही आश्वस्त किया कि पार्टी आलाकमान को मामले से अवगत करवाया जाएगा। दोषी के खिलाफ उचित कार्यवाही की जाएगी। अब इंतजार है कि इस खुलासे के बाद गांधी के सिद्धांतों पर चलने वाली कांग्रेस में टिकट की खरीद-फरोख्त कब रूकेगी और सौदागरों के खिलाफ क्या कार्यवाही होगी?

खुद को सेवक बताकर मांगा टिकट
ब्यावर। राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा के पुत्र व कांग्रेस पर्यवेक्षक समरथ शर्मा शुक्रवार को ब्यावर आए। यहां डाक बंगले में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पर्यवेक्षक ने आगामी निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की। साथ ही चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने का संकल्प दिलाया। पर्यवेक्षक के आगमन पर डाक बंगले में टिकट के दावेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। समर्थकों के साथ पहुंचे दावेदारों ने खुद को प्रबल प्रत्याशी व पार्टी का सच्चा सेवक बताते हुए टिकट की मांग की। शर्मा ने आत्मीयता के साथ सभी दावेदारों और कार्यकर्ताओं की बात सुनी। उन्होंने आश्वस्त किया कि टिकट वितरण में सभी जातियों और वर्गों की भागीदारी रहेगी। जातिवाद व भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर निष्पक्ष रूप से समर्पित कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिया जाएगा। पर्यवेक्षक ने ब्यावर में कांग्रेस सभापति के निलंबन को सरकार की साजिश बताया।

सुमित सारस्वत
सुमित सारस्वत

उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के बाद मनमर्जी से निर्णय लेकर आमजन का शोषण कर रही है। षड्यंत्रपूर्वक झूठे आरोप लगाकर कांग्रेस नेताओं को बदनाम किया जा रहा है। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सुगनचंद जैन, घनश्याम वर्मा, मनोज चौहान, मुकेश मौर्य, रामेश्वर मेवाड़ा, सोहन मेवाड़ा, चंद्रशेखर शर्मा, विजेंद्र प्रजापति, शांति डाबला, पुष्पांजली पारीक, कमला दगदी, संपति बोहरा, गंगा रावत, नरेंद्र जेसवानी, विजय बुलंद, बाबूलाल जावा, घनश्याम फुलवारी, धर्मदास अटवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

error: Content is protected !!