रिलायन्स की दादागिरी पर मंत्री ने दिखाई दबंगई

वासुदेव देवनानी
वासुदेव देवनानी

रिलायन्स कंपनी ने अजमेर शहर में 4जी के मोबाइल टावर लगाने में जो दादागिरी मचा रखी थी, उस पर प्रभारी मंत्री वासुदेव देवनानी ने दबंगई दिखाई है। देवनानी ने विगत दिनों एक सरकारी बैठक में इस बात पर नाराजगी जताई कि जन विरोध के बाद भी शहरभर में रिलायन्स के टावर लगाए जा रहे हैं। देवनानी ने निर्देश दिए कि टावर लगाने की स्वीकृति के लिए जिला कलेक्टर स्तर पर कार्यवाही की जाए। रिलायन्स कंपनी के खिलाफ देवनानी ने जो दबंगई दिखाई, उसी का नतीजा रहा कि अजेमर नगर निगम प्रशासन ने अब रिलयान्स कंपनी को मोबाइल टावर लगाने की स्वीकृति देना बंद कर दिया है। साथ ही निगम के सीईओ सी.आर.मीणा ने राज्य सरकार को एक पत्र लिखा है, जिसमें प्रभारी मंत्री देवनानी के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा है कि मोबाइल टावरों की स्वीकृति के लिए अब जिला कलेक्टर को सक्षम बनाया जाए। देवनानी ने जनभावना के अनुकूल नगर निगम से टावर की स्वीकृति देने का काम छीना है वह सराहनीय है। सब जानते हैं कि रिलायन्स कंपनी की मालिक नीता अम्बानी देश के पीएम नरेन्द्र मोदी की मुंह बोली बहन है। मोदी ने सार्वजनिक मंच से नीता अंबानी को अपनी छोटी बहन घोषित किया है। ऐसी रिलायन्स कंपनी की दादागिरी के खिलाफ आवाज उठाना कोई आसान काम नहीं है। इसमें कोई दोराय नहीं कि रिलायन्स कंपनी नगर निगम के अधिकारियों पर दबाव डालकर मोबाइल टावर लगाने की स्वीकृति धड़ाधड़ ले रही थी। जनविरोध के बाद भी दादागिरी कर मोबाइल टावर शहरभर में लगाए जा रहे थे। शर्मानाक बात तो यह है कि परेशान लोगों की न तो नगर निगम के अधिकारी और न ही संबंधित क्षेत्र की पुलिस सुन रही थी। कई स्थानों पर तो टावर का विरोध करने वाले लोगों के विरुद्ध रिलायन्स के प्रतिनिधियों ने पुलिस में मुकदमा तक दर्ज करवा दिया। रिलायन्स ने टावर लगाने का जिम्मा पुलिस के रिटायर अधिकारियों और अपराधी किस्म के लोगों को दे दिया। ऐसे लोग निगम से स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रीय लोगों को डराने धमकाने से भी बाज नहीं आ रहे थे। रिलायन्स को अजमेर में सौ से भी ज्यादा 4जी वाले टावर लगाने हैं। रिलायन्स ने निगम से पचास स्थानों के लिए स्वीकृति भी हासिल कर ली है, लेकिन रिलायन्स कर्मचारी जहां-जहां भी टावर लगाने जा रहे हैं, वहां-वहां क्षेत्रीय लोगों का विरोध हो रहा है, लेकिन रिलायन्स की इस दादागिरी को प्रभारी मंत्री देवनानी ने जोरदार झटका दिया है।
(एस.पी. मित्तल)(spmittal.blogspot.in) M-09829071511

error: Content is protected !!