रियो डी जनेरियो। ब्राजील की राजधानी रियो डी जनेरियो में 2016 में होने वाले ओलम्पिक खेलों के आधिकारिक शुभंकर में ब्राजील के जीव-जगत की झलक है। स्थानीय आयोजन समिति ने इसकी घोषणा की। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, रियो ओलम्पिक-2016 के शुभंकर में बिल्ली, बंदर और चिड़िया को शामिल किया गया है, जबकि पारालम्पिक के शुभंकर में ब्राजील की वनस्पतियों को प्रदर्शित किया गया है। रियो ओलम्पिक की आधिकारिक वेबसाइट रियो2016 डॉट कॉम पर रविवार को रियो ओलम्पिक के निदेशक बेथ लूला ने कहा, “शुभंकर हमारी नागरिकों और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने वाला है।” लूला ने कहा, “इन शुभंकरों में हमारा उल्लास और हमारी जीवनशैली झलकती है। दोनों शुभंकरों में अद्भुत क्षमता वाले जीव-जगत को शामिल किया गया है और वे युवा दर्शकों से बेहद करीब से जुड़े हुए हैं। हम चाहते हैं कि ये युवा दर्शक रियो ओलम्पिक से करीब से जुड़ें।” इस प्रतीक चिह्न के नामकरण के लिए आम जनता 14 दिसंबर तक अपना मत दे सकती है। लोगों को तीन नामों में से एक चुनना है। ये नाम हैं ओबा और ईबा, टिबा टुक और एस्क्वीनडिम तथा वीनिसियस और टॉम। ओबा और ईबा ब्राजील की स्थानीय बोली में आश्चर्य प्रकट करने के लिए इस्तेमाल की जाती है, जिसमें खुशी और उत्सव का पुट छिपा होता है। टिबा टुक और एस्क्वीनडिम ब्राजील की प्राचीनतम बोली में नृत्य करने की इच्छा व्यक्त करने के लिए प्रयोग किया जाता है, जबकि वीनिसियस और टॉम ब्राजील में प्रचलित विशेष प्रकार के संगीत बोसा नोवा के अग्रणी संगीतकारों वीनिसियस डी मोराइज और टॉम जोबिम को संदर्भित करता है।