भाजपा ने भी किया अजमेर बंद में सहयोग

तेजवानी गिरधर
तेजवानी गिरधर
शहर जिला कांग्रेस की ओर से आयोजित बंद की सफलता के लिए कांग्रेस को भाजपा का धन्यवाद ज्ञापित करना चाहिए। असल में उसके सहयोग से ही बंद ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। अगर शहर जिला भाजपा बंद का विरोध नहीं करती तो कदाचित बंद इतना सफल नहीं होता। है न कबीर की उलटबांसी की तरह।
असल में बंद को लेकर कांग्रेस के नेताओं में तनिक आशंका थी। लगातार तीन विधानसभा चुनाव हार चुकी कांग्रेस फिर से जीवित हो रही है। यह पहला मौका था, जो बंद जैसा बड़ा टास्क में लिया गया। वो भी तब जब शहर अध्यक्ष विजय जैन महेन्द्र सिंह रलावता वाली कार्यकारिणी से काम चला रहे हैं। यह इसलिए भी कठिन था चूंकि जनहित का होते हुए भी आम आदमी के ठीक से पल्ले नहीं पड़ रहा था। भाजपा ने भी मुद्दे को नकारने का अभियान चला रखा था कि यह फालतू है। ऐसे में बंद पूरी तरह से सफल हो पाएगा या नहीं, थोड़ी सी धुकधुकी थी। इस कारण जैन ने सभी नेताओं का सहयोग लेकर एडी चोटी का जोर लगा दिया था। उधर भाजपा अपने गढ़ में अति उत्साही थी। मोदी लहर पर सवार हो कर पिछली बार कांग्रेस को बुरी तरह से परास्त कर चुकी भाजपा ने कांग्रेस को बेहद कमजोर आंक कर हड़काने का मानस बनाया। उसे लगा कि अगर ये ऐलान किया जाएगा कि उसके कार्यकर्ता बंद के विरोध में सड़क पर उतरेंगे तो कांगेस कार्यकर्ता घबरा जाएंगे। आम दुकानदार भी सोचेगा कि भाजपा उनके साथ है, लिहाजा दुकान खोल लेगा। मगर हुआ इसका उलटा। एक तो कांग्रेस कार्यकर्ता चुनौती को स्वीकार कर जोश में आ गया और दूसरा दुकानदार यह सोच कर कि अब टकराव होना निश्चित है, सो उसने दुबकने में ही भलाई समझी। पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता तैनात होने से दहशत और ज्यादा हो गई। और नतीजतन बंद अपेक्षा से बहुत अधिक और ऐतिहासिक रूप से सफल हो गया। भला ऐसे में कांग्रेस का फर्ज बनता है कि नहीं कि वह भाजपा को धन्यवाद ज्ञापित करे।
वस्तुत: यह भाजपा की नादानी ही कही जाएगी कि उसने बंद का विरोध सड़क पर उतर कर करने की ठानी। इतनी भी अक्ल नहीं लगाई कि ऐसी घोषणा से टकराव की आशंका उत्पन्न होगी और दुकानदार और अधिक भयभीत हो जाएंगे। ये कोई चुनाव तो हैं नहीं कि आप अजमेर को अपना गढ़ मान कर जीत की उम्मीद लगाएं। सोचने वाली बात है कि बंद जैसे आयोजनों में तोडफ़ोड़ की आशंका में अधिसंख्य व्यापारी वैसे ही बंद करने में ही भलाई समझते हैं। चाहे बंद कोई भी करवाए। भले ही कोई व्यापारी भाजपा समर्थक हो, और भाजपा को चंदा देता रहा हो, मगर बंद जैसे मामले में वह यह उम्मीद करके बेखौफ दुकान नहीं खोल सकता कि भाजपा वाले उसे बचा लेंगे। कोई कितना भी मोदी समर्थक हो, अपनी दुकान में नुकसान की कीमत पर मोदी मोदी नहीं कर सकता।
बहरहाल, इस ऐतिहासिक बंद ने अजमेर की राजनीति में तनिक बदलाव कर दिया है। एक तो केन्द्र व राज्य में मोदी लहर के सहारे सत्ता पर काबिज भाजपा का दंभ टूट गया है। वो भी आ बैल मुझे मार की तर्ज पर। न वह विरोध का राग छेड़ती और न ही पासा उलटा पड़ता। आज हालत ये है कि अखबार इन सुर्खियों से भरे पड़े हैं कि भाजपा बंद को रुकवाने में नाकामयाब हो गई। कांग्रेस बंद को सफल करवा पाई, उसकी तुलना में कहीं अधिक यह हाईलाइट हो रहा है कि भाजपा विफल हो गई। अफसोसनाक बात ये कि भाजपा यह दावा कर रही है कि बंद विफल हो गया, जबकि जनता ने खुद देखा कि बंद कितना सफल रहा, उसे भाजपा की राय जानने की जरूरत क्या है। अब भले ही आप से कह कर बचने की कोशिश करें कि डंडे के जोर पर बंद करवाया गया, मगर यह खिसियानी बिल्ली खंभा नोंचे वाली कहावत ही चरितार्थ करेगी। कुल मिला कर भाजपा का यह समझ में आ गया होगा कि मोदी लहर धीमी पड़ चुकी है और उसके जनाधार में कमी आई है।
उधर स्वाभाविक रूप से कांग्रेस बल्ले बल्ले कर रही है। उसकी सोच से कहीं अधिक सफलता जो हाथ लग गई। इसमें कोई दोराय नहीं कि इस टास्क को पूरा करने में सभी कांग्रेसी एकजुट हो गए थे, मगर जैन के खाते में ऐतिहासिक बंद करवाने का श्रेय दर्ज हो गया है।
अब भाजपाई आत्ममंथन कर रहे होंगे कि उड़ता तीर अपनी ओर बुलाने का सुझाव किसने तो दिया और उसका समर्थन किस किस ने किया, जो ये दिन देखना पड़ा। चुपचाप बैठे रहते, कौन सी देग लुट रही थी। बैठे ठाले भद्द पिटवा ली।
-तेजवानी गिरधर
7742067000
8094767000

1 thought on “भाजपा ने भी किया अजमेर बंद में सहयोग”

Comments are closed.

error: Content is protected !!