चिकित्सा के क्षेत्र में राज्य में तीन सालों में स्थापित हुए नए आयाम

khandela ji photoबीकानेर, 22 जनवरी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री बंशीधर खंडेला ने कहा कि राज्य में पिछले तीन वर्षों में चिकित्सा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए हैं। पहली बार एक साथ आठ मेडिकल काॅलेज खोले जा रहे हैं। भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना से जन-जन को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलना संभव हुई हैं।
खंडेला रविवार को करमीसर के वार्ड 6 में आयोजित नागरिक अभिंनदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों में अनेक नवाचार हुए हैं, आमजन को इनका प्रत्यक्ष लाभ मिला है। केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा आगे भी विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में एएनएम-जीएनएम के नए काॅलेज खोले गए, चिकित्सकों की सेवानिवृति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष की गई। अब मुख्यमंत्री की पहल पर आठ मेडिकल काॅलेज खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये काॅलेज इसी सत्र में प्रारम्भ कर दिए जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री राजश्री योजना और भामाशाह स्वास्थ बीमा योजना को ऐतिहासिक योजनाएं बताया। करमीसर में पीएचसी खोले जाने का भरोसा दिलाया।
संसदीय सचिव डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि राज्य में गत तीन वर्षों में सराहनीय कार्य हुआ है। इस दौरान अनेक जनहितकारी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में करमीसर में भी लाखों रूपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर शहर के प्रत्येक क्षेत्र में अनेक कार्य हुए हैं। पार्षद इन कार्यों के फोल्डर प्रकाशित करवाकर जनता के बीच जाएं, जिससे आमजन को भी इन कार्यों की जानकारी मिल सके।
बीकानेर पश्चिम विधायक डाॅ. गोपाल कृष्ण जोशी ने कहा कि करमीसर में पेयजल की समस्या के स्थाई समाधान के लिए ओवरहैड टेंक बनवाने के प्रस्ताव राज्य के आगामी बजट में शामिल करवाने के लिए भिजवाए गए हैं। इसी प्रकार बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सरकारी बालिका महाविद्यालय खोलने तथा टेक्निकल विश्वविद्यालय का विधेयक पास करवाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीकानेर के विकास में कमी नहीं आने दी जाएगी।
सहीराम दुसाद ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति के हितों को ध्यान में रखकर योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सुमित गोदारा ने कहा कि युवा पूरी ऊर्जा के साथ देशहित में जुटें, जिससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपनों को साकार किया जा सके। नगर निगम आयुक्त आर. के. जायसवाल ने कहा कि निगम द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत एमडीवी नगर में 5 हजार सीवरेज कनेक्शन दिए जाने की योजना है। इसी प्रकार एलइडी लाइट लगाने की दिशा में भी कार्य हो रहा है।
ईसीबी प्राचार्य जयप्रकाश भांभू ने कहा कि बीकानेर पश्चिम विधायक के प्रयासों से काॅलेज में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए 1 करोड़ 11 लाख की स्कीम स्वीकृत हो पाई है। शाहपुरा डेयरी अध्यक्ष श्रीमती विनोद बाजिया ने भी विचार व्यक्त किए। इससे पहले चिकित्सा राज्य मंत्री का 21 किलो की माला पहनाकर भव्य अभिनंदन किया गया। वार्ड में विकास पर आधारित फोल्डर का विमोचन अतिथियांे ने किया। सुरेश व्यास ने स्वागत उद्बोधन दिया। हेमाराम ने वार्ड के विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन बीडी हर्ष ने किया।
इस अवसर पर उपमहापौर अशोक आचार्य, पार्षद प्रेमरतन जोशी, निगम उपायुक्त हजारीलाल, अधीक्षण अभियंता रमेश मीणा मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम में निगम क्षेत्र के पार्षद, ग्रामीण जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

error: Content is protected !!