जनता को नियमित और पर्याप्त पानी सप्लाई की व्यवस्था तुरंत की जाए-देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 23 अक्टूबर। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से कहा है कि वे दीपावली को देखते हुए जनता को पूरा पानी उपलब्ध कराएं। इन दिनों घरों में साफ-सफाई का काम चल रहा है, लेकिन पिछले कई दिनों से अनियमित और अपर्याप्त जल सप्लाई होने के कारण जनता काफी परेशान है। यही नहीं, अनेक क्षेत्रों में 72 घंटे या उससे अधिक अंतराल से पानी सप्लाई हो रहा है।
देवनानी ने शनिवार को जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता सहित पेयजल सप्लाई से जुड़े अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि वैसे तो पिछले काफी समय से पानी की सप्लाई ना तो समय पर हो रही है और ना ही पर्याप्त मात्रा में लोगों को पानी मिल पा रहा है। इन दिनों दीपावली की तैयारियों के लिए घरों में साफ-सफाई का काम चल रहा है। लोगों को साफ-सफाई के लिए पानी मिलना तो दूर, पीने लायक भी पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसी स्थिति में जनता ना केवल परेशान है।
देवनानी ने कहा कि जनता 72 घंटे व उससे अधिक अंतराल से पानी सप्लाई होने से तंग आ चुकी है। इतने बड़े अंतराल में पानी सप्लाई तो होता है, लेकिन वह भी लोगों को पर्याप्त नहीं मिल पाता है। अनेक क्षेत्रों में कम प्रेशर से पानी सप्लाई होने की लगातार शिकायतें भी मिल रही हैं। फाॅयसागर रोड पर कमोबेश सभी काॅलोनियों और क्षेत्रों के अलावा, बी.के. कौल नगर, प्रगति नगर, कोटड़ा, महाराणा प्रताप नगर, आजाद नगर, वैशाली नगर, पुष्कर रोड, ऋषि घाटी, गंज, नागफणी, बोराज, हाथीखेड़ा, लोहागल, माकड़वाली रोड, पंचशील, रामनगर सहित अनेक क्षेत्रों में अनियमित व अपर्याप्त तथा कम प्रेशर से पानी सप्लाई से लोग परेशान हैं।

खराब हैंडपम्प जल्द से जल्द सुधरवाएं
देवनानी ने अधिकारियों से कहा कि जिन भी क्षेत्रों में हैंडपम्प खराब पड़े हैं, उन्हें जल्द से जल्द ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि एक तो नलों से पूरा पानी नहीं मिल पाता है, दूसरा हैंडपम्प खराब हैं। ऐसे में जनता के सामने सबसे बड़ी परेशानी यह है कि वह पानी के लिए कहां जाए। जो कुछ हैंडपम्प चालू हैं, वह भी बहुत कम पानी दे पाते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन हैंडपम्पों में पानी कम आ रहा है, उनमें और अधिक गहराई तक पाइप डलवाए जाएं। जिन हैंडपम्पों में कोई पाटर््स बदलने की जरूरत हो, तो जल्द से जल्द बदलवाए जाएं। अधिकारियों ने देवनानी को भरोसा दिलाया कि वे नियमित और पर्याप्त जल सप्लाई कराने का भरसक प्रयास करेंगे। साथ ही खराब पड़े हैंडपम्पों को भी जल्द से जल्द ठीक कराने का काम शुरू किया जाएगा।

देवनानी ने वार्ड आठ में निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ
अजमेर, 23 अक्टूबर। पूर्व शिक्षा मंत्री व विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने वार्ड संख्या आठ में करीब दस लाख रूपए की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का बाबूगढ़ स्थित शिव मंदिर के सामने आयोजित कार्यक्रम में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया।
इस वार्ड में विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों, नालियों, क्राॅस नालियों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीढ़ियों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने देवनानी का मालाएं व साफे पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर वार्ड के पार्षद सुभाष जाटव, अनिल नरवाल, शशिपाल जाटव, जातवेद सोनी, दिनेश जाटव, भीमसिंह जाटव, चंद्रप्रकाश टिकलानी, कैलाश अग्रवाल, राजेश खंडेलवाल, मनोज खंडेलवाल आदि भी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!