श्री पुष्कर मेला 2025 : ध्वजारोहण एवं शुभारम्भ कार्यक्रम गुरूवार को

अजमेर, 29 अक्टूबर। श्री पुष्कर मेला 2025 के अन्तर्गत ध्वजारोहण एवं शुभारम्भ कार्यक्रम गुरूवार 30 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे मेला मैदान में आयोजित होगा।

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने बताया कि श्री पुष्कर मेला 30 अक्टूबर से आरम्भ होगा। यह मेला 5 नवम्बर तक चलेगा। इस दौरान जिला प्रशासन, पशु पालन विभाग एवं पर्यटन विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गुरूवार 30 अक्टूबर को मेला मैदान में प्रातः 10 बजे पूजा, ध्वजारोहण एवं नगाड़ा वादन के साथ मेले का शुभारम्भ होगा। इसके पश्चात स्कूली छात्राओं द्वारा मांडना प्रतियोगिता और समूह नृत्य का आयोजन किया जाएगा। चक दे राजस्थान फुटबॉल मैच स्थानीय बनाम विदेशियों के मध्य होगा। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर दीपदान तथा रंगोली होगी। सायं 6.30 बजे पुष्कर की महाआरती, पुष्कर सरोवर घाटों पर अभिषेक तथा मेला मैदान मंच में पुष्कर की आवाज के अन्तर्गत स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएगी। सायं 7 बजे हास्य कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ डब्ल्यूजेडसीसी और राजस्थानी लोक कलाकारों द्वारा मेला मैदान में प्रस्तुत होगा।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार 31 अक्टूबर को मेला मैदान में प्रातः 10 बजे से लंगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली डंडा के खेल स्थानीय बनाम विदेशियों के मध्य होंगे। साथ ही उष्ट्र श्रृंगार प्रतियोगिता तथा उष्ट्र नृत्य प्रतियोगिता भी होगी। मेला मैदान मंच पर सायं 6.30 बजे पुष्कर की आवाज मे स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के पश्चात एनजेडसीसी और कुटले खान परियोजना द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी।

उन्होंने बताया कि शनिवार एक नवम्बर को मेला मैदान में प्रातः 10 बजे कबड्डी मैच स्थानीय बनाम विदेशी रहेगा। अश्व नृत्य प्रतियोगिता के पश्चात अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेल में रस्सा कस्सी, वॉलीबॉल एवं कबड्डी के खेल होंगे। मेला मैदान मंच में सायं 6.30 बजे पुष्कर की आवाज स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियों के बाद सुरस बैंड और नीरज आर्य के कबीर कैफे द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि रविवार 2 नवम्बर को गुरूद्वारा से मेला मैदान तक प्रातः 8.30 बजे आध्यात्मिक पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। दोपहर एक बजे मेला मैदान में अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद होंगे। अपराह्न 4 बजे शिल्पग्राम पुष्कर में फूड एण्ड क्राफ्ट महोत्सव का शुभारम्भ किया जाएगा। सायं 5 बजे गीर प्रदशर्नी मैदान में गीर प्रदशर्नी का शुभारम्भ करके विकास प्रदशर्नी मैदान में विकास प्रदशर्नी का शुभारम्भ करेंगे। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर महा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात मेला मैदान मंच पर पुष्कर की आवाज में स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएगी। यहीं राजस्थान के सर्वश्रेष्ठ कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इनमें पद्मश्री गुलाबो देवी द्वारा कालबेलिया नृत्य, भुंगर खान डेजर्ट सिम्फनी द्वारा चरी नृत्य, घूमर नृत्य, तेरहताली नृत्य तथा चकरी नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सोमवार 3 नवम्बर को मेला मैदान में प्रातः 9 बजे लगान शैली आधारित क्रिकेट मैच होगा। मेला मैदान में विदेशियों के लिए पगड़ी बांधना, तिलक प्रतियोगिता एवं मूंछ प्रतियोगिता होगी। दिनभर शिल्पग्राम पुष्कर में फुड एण्ड क्राफ्ट महोत्सव चलेगा। दोपहर एक बजे अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं आयोजित होगी। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट पर महाआरती होगी। मेला मैदान मंच पर पुष्कर की आवाज स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियों के पश्चात रूप कुमार राठौड़-सोनाली राठौड़ द्वारा बॉलीवुड नाइट की प्रस्तुति होगी।

     उन्होंने बताया कि मंगलवार 4 नवम्बर को भी प्रातः से रात्रि तक शिल्पग्राम पुष्कर में फूड एण्ड क्राफ्ट महोत्सव चलेगा। मेला मैदान में प्रातः 10.30 बजे महिलाओं के लिए मटका रेस एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता होगी। दोपहर एक बजे अंतरपंचायत समिति ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं आयोजित होगी। पुष्कर सरोवर घाट पर सायं 6 बजे महाआरती होगी। मेला मैदान मंच पर सायं 6.30 बजे पुष्कर की आवाज स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएगी। इसके पश्चात श्रीराम भारतीय कला केंद्र द्वारा रामायण एवं रात्रि 9.30 बजे से कवि सम्मेलन होगा।

     उन्होंने बताया कि बुधवार 5 नवम्बर को मेला मैदान में प्रातः 9 बजे समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम और कला जत्था यात्रा, मटका दौड़, चम्मच दौड़ तथा रस्साकस्सी प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम होगा। साथ ही उष्ट्र तथा अश्व प्रदर्शन होंगे। सायं 6 बजे पुष्कर सरोवर घाट में पुष्कर महाआरती होगी।

 

श्री पुष्कर मेला 2025

वाइब्रेंट कलर्स ऑफ पुष्कर फोटोग्राफी कंपटीशन का होगा आयोजन

अजमेर, 29 अक्टूबर। श्री पुष्कर मेला 2025 में फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ छायाचित्र लेने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।

आईएएस डॉ. नेहा राजपुत ने बताया कि श्री पुष्कर मेला 2025 के अंतर्गत वाइब्रेंट कलर्स ऑफ पुष्कर फोटोग्राफी कंपटीशन का आयोजन 28 अक्टूबर से 3 नवंबर तक किया जाएगा। अजमेर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में 22 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच क्लिक किए गए चित्र ही सम्मिलित किए जाएंगे। प्रतिभागी अपने कैमरा अथवा मोबाइल से लिए गए फोटो 3 नवंबर रात्रि 12 बजे तक ई-मेल pushkarfairphotocompetition@gmail.com पर भेज सकते है। साथ में आधार कार्ड के आगे पीछे की फोटो संलग्न करना और मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य रहेगी।

उन्होंने बताया कि प्रतिभागी को अधिकतम 5 फोटो जेपीईजी फॉर्मेट में ओरिजिनल साइज में भेजना होगा। एक बार में मेल पर अटैच न होने पर अलग अलग भी भेज सकते है। किसी भी प्रकार का नाम लिखी हुई अथवा वाटर मार्क लगी हुई फोटो स्वीकार नहीं की जाएगी। फोटो क्लिक करने से पूर्व कैमरा में दिनांक और समय सेट अवश्य कर ले। प्रतियोगिता का परिणाम 5 नवंबर को घोषित किया जाएगा और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 21 हजार, द्वितीय स्थान को 11 हजार एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 5100 रूपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। निर्णायकों द्वारा दिया गया परिणाम ही अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। चयनित फोटोस की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।

 

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का यात्रा कार्यक्रम

अजमेर, 29 अक्टूबर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी गुरूवार 30 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे पुष्कर पहुंचेंगी। यहां वे श्री पुष्कर मेला 2025 के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होंगी। इसके पश्चात उनका जयपुर प्रस्थान का कार्यक्रम है।

error: Content is protected !!