‘राहुल ने कभी नहीं कहा कि पीएम नहीं बनेंगे’

digvijay singhनई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कभी नहीं कहा कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहते हैं।

एक समाचार चैनल को दिए एक साक्षात्कार में सिंह ने कहा कि मीडिया ने राहुल गांधी के बयान को गलत तरीके से पेश किया। सिंह ने कहा कि उन्होंने बस इतना कहा था कि वह पार्टी के लिए काम करना चाहेंगे और देश को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर ज्यादा ध्यान देंगे। इसका मतलब यह तो नहीं है कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहते। सिंह ने कहा कि समय और सही अवसर आने दीजिए। उन्होंने जो कहा उससे ज्यादा क्यों समझा जाए?

सिंह ने कहा कि यदि जनता स्पष्ट बहुमत देती है या कांग्रेस पर्याप्त सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरती है तो अंतिम निर्णय उन्हीं पर निर्भर करेगा। सिंह ने कहा कि कांग्रेस संसदीय दल यह निर्णय करेगा कि उसका नेता कौन होगा।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की तुलना गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से नहीं की जा सकती क्योंकि मोदी मीडिया की देन हैं। सिंह ने कहा कि राहुल ने पूरे भारत की यात्रा की है और वह भारत की नब्ज पहचानते हैं।

दिग्विजय ने कहा, फेंकू हैं नरेंद्र मोदी

शाजापुर। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने शनिवार को मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी तो फेंकू हैं। गुजरात के विकास की बारे में जो भ्रम पैदा किया जा रहा है, उसमें सच्चाई की कमी दिखाई देती है। लिंगानुपात के मामले में गुजरात की स्थिति ठीक नहीं है। नरेंद्र मोदी जिस समय मुख्यमंत्री बने थे, उस समय गुजरात पर 46 हजार करोड़ का कर्ज था, लेकिन अब गुजरात पर एक लाख 72 हजार करोड़ का कर्ज हो गया है। गुजरात के प्रत्येक नागरिक पर 26 हजार का कर्ज है।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान सिंह ने कहा कि उज्जैन के खनिज निरीक्षक संजय भार्गव और बैरसिया तहसील के लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर रामेश्वर प्रसाद चतुर्वेदी की मौत की सीबीआइ जांच के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिख रहा हूं। क्योंकि मुख्यमंत्री पर आरोप लग रहे हैं कि उनके संबंध दिलीप बिल्डकॉन से हैं। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान विकास की बात करते हैं, मैं उनसे प्रदेश के विकास संबंधी किसी भी मुद्दे पर बहस करने के लिए तैयार हूं।

error: Content is protected !!