नरेंद्र मोदी हैं पीएम पद के लिए जनता की पहली पसंद

देश में आज की राजनीतिक परिस्थितियों में जनता प्रधानमंत्री पद के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे ज्यादा उपयुक्त उम्मीदवार मानती है। वहीं, कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी दूसरे सबसे पसंदीदा उम्मीदवार हैं।

इंडिया टुडे और एसी नील्सन ने देशभर में एक सर्वे किया है जिसके अनुसार नरेंद्र मोदी को सबसे ज्यादा 36 फीसद लोगों ने प्रधानमंत्री पद के सबसे उपयुक्त उम्मीदवार माना है। वहीं, राहुल गांधी 22 फीसद वोट पाकर दूसरे सबसे पसंदीदा उम्मीदवार हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को 6 फीसद लोगों ने जबकि उन्हीं की पार्टी की नेता और लोकसभा में प्रतिपक्ष की नेता सुषमा स्वराज 5 फीसद वोट पाकर चौथे स्थान पर हैं। सर्वे के अनुसार 5 फीसद मतदाताओं का मानना है कि कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनना चाहिए। इस सूची में मनमोहन सिंह 4 फीसद वोट पाकर छठे स्थान पर हैं। इसी तरह मायावती 3 फीसद, नीतीश कुमार 2 फीसद, मुलायम सिंह यादव 2 फीसद लोगों की पसंद हैं।

मतदाताओं को जब मोदी और राहुल गांधी के रूप में केवल दो ही विकल्प दिए गए तब 57 फीसद लोगों ने मोदी को और 41 फीसद ने राहुल को पसंद किया। इसी तरह मतदाताओं से जब यह पूछा गया कि यदि 2014 में भाजपा की सरकार बनी तो मोदी के अलावा वह किसे पसंद करेंगे, तो सबसे ज्यादा 23 फीसद लोगों ने आडवाणी को पसंद किया। वहीं सोनिया और राहुल के अलावा कांग्रेस के सबसे ज्यादा पसंदीदा उम्मीदवार पी चिदंबरम रहे।

सर्वे में कहा गया है कि यदि अभी चुनाव हुए तो वर्तमान संप्रग सरकार को 102 सीटों का नुकसान होगा और अन्य पार्टियों को इसका सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। वहीं राजग को भी 44 सीटों का लाभ मिलेगा। सर्वे में संप्रग को 158-168 सीटें और राजग को 198-208 सीटें मिलने की संभावना व्यक्त की गई है। दोनों मोर्चो से अलग रहने वाले दलों को 178 से 188 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है।

दूसरी ओर, एबीपी न्यूज-नीलसन सर्वे में भी यदि आज चुनाव हुए तो राजग को फायदा और संप्रग को भारी नुकसान होने की संभावना जताई गई है।

इस सर्वे के मुताबिक 39 फीसद लोग भाजपा और उनके सहयोगी के हाथ में सत्ता की कमान देना चाहते हैं जबकि मात्र 22 फीसद लोग ही संप्रग और उनके सहयोगियों को फिर से सत्ता सौंपना चाहते हैं। इस समय राजग में भाजपा के अलावा शिवसेना, जदयू, अकाली दल, हविपा है और संप्रग में कांग्रेस के अलावा राकांपा, डीएमके, नेकां और मुस्लिम लीग शामिल हैं।

इसी तरह भाजपा और कांग्रेस की तुलना करने पर 36 फीसद लोगों ने भाजपा और मात्र 18 फीसद लोगों ने कांग्रेस को वोट देने की बात कही। यह सर्वे 10 से 17 जनवरी के बीच 28 शहरों में किया गया।

ताजा सर्वे के मुताबिक संप्रग अपनी दूसरी सालगिरह के मौके पर मई 2011 में जहां 30 फीसद वोटरों का विश्वास जीत पाई थी वहीं भाजपा को 23 फीसद मतदाताओं ने ही पसंद किया था। लेकिन उसके बाद पांच सर्वे हुए जिसमें हर में भाजपा कांग्रेस पर भारी रही।

error: Content is protected !!