पॉलीथीन मुक्ति अभियान में भागीदारी निभाए समिति-जिला कलक्टर

पशु क्रूरता निवारण समिति की पहली बैठक आयोजित
meetingबीकानेर, 13 फरवरी। पशु क्रूरता निवारण समिति की पहली बैठक सोमवार को जिला कलक्टर वेदप्रकाश की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पॉलीथीन मुक्ति के लिए चलाए जा रहे अभियान में समिति भी भागीदारी निभाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि गौवंश को पॉलीथीन से सबसे ज्यादा नुकसान होता है। इसे रोकने के लिए इसे जनजागृति की जरूरत है। वर्तमान में जिले के आठ गांव पॉलीथीन मुक्त हो चुके हैं तथा अनेक गांवों में यह प्रक्रिया प्रगतिरत है। समिति भी इसमें सहयोग करे। उन्होंने कहा कि नगर निगम आयुक्त एवं पंचायत समिति के विकास अधिकारियों को सम्बंधित क्षेत्रों में पॉलीथीन की धरपकड़ का नियमित अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया जाएगा।
बैठक में गोचर भूमि में चारागाह विकास की संभावनाओं, ग्राम पंचायत स्तर तक आवारा पशुओं की गणना करवाने, पंचायत स्तर पर पशुगृह की स्थिति तथा गौवंश के लिए चारे के उपयोग संबंधी बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया। जिला कलक्टर ने कहा कि समिति द्वारा जीव जंतु कल्याण बोर्ड एवं पशु क्रूरता निवारण समिति के दिशा-निर्देशों की अनुपालना के साथ, पशु क्रूरता रोकने के लिए नियमित अभियान चलाने की बात कही। पशुपालन विभाग की संयुक्त निदेशक सुषमा विज के गठन एवं इसके उद््देश्यों के बारे में बताया।
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में है कमेटी
पशुपालन विभाग के आदेशों की अनुपालना में जिला स्तरीय पशु क्रूरता निवारण समिति का गठन गत वर्ष 29 अक्टूबर को किया गया। दो नवंबर को इस संस्था का पंजीकरण हुआ। जिला कलक्टर इस समिति के अध्यक्ष तथा पुलिस अधीक्षक उपाध्यक्ष हैं। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक इसके सचिव, उप वन संरक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी (माशि) तथा नगर निगम आयुक्त इस संस्था के पदेन सदस्य हैं। नंदन वन गौशाला, गड़ियाला के सुखदेव महाराज इस संस्था के कार्यकारी सचिव हैं। बलदेव दास भादाणी एवं सत्यनारायण राठी को राज्य सरकार द्वारा मनोनीत सदस्यों के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं रघुनाथ सिंह शेखावत एवं जितेन्द्र बिश्नोई निर्वाचित सदस्य हैं।
—–
पंचायत शिविरों में ‘कन्या उपवन’ के तहत होगा पौधारोपण
बीकानेर, 13 फरवरी। साप्ताहिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। इस अवसर पर जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन कल्याण पंचायत शिविरों के दौरान ‘कन्या उपवन’ के तहत दस-दस पौधे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह सतत चलने वाली प्रक्रिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कन्या उपवन की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट लाए।
उन्होंने मुख्यमंत्राी विद्युत सुधार अभियान की साप्ताहिक प्रगति सूचना लाने के निर्देश दिए तथा कहा कि विद्युत छीजत रोकने के नियमित प्रयास किए जाएं। विद्युत चोरी रोकने के लिए नियमित अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया तथा कहा कि सड़कों के किनारे ढाबों एवं अन्य दुकानों में विद्युत चोरी नहीं हो, इसके लिए नियमित एवं औचक निरीक्षण किए जाएं। उन्होंने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना एवं मुख्यमंत्राी राजश्री योजना की प्रगति समीक्षा की। राजस्थान संपर्क पोर्टल के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने नहरी पेयजल उपलब्धता और सप्लाई के बारे में जाना।
यह है स्थिति
अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा ने बताया कि नगर विकास न्यास, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राशि), जोधपुर विद्युत वितरण निगम तथा नगर निगम के 60 दिनों से अधिक समय तक सर्वाधिक प्रकरण लंबित हैं। इसी प्रकार वेरिफिकेशन में नगर निगम एवं नगर विकास न्यास सबसे पीछे हैं। देवड़ा ने कहा कि गैस सिलेण्डर की अवैध रिफलिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। साथ ही गत दिनों पकड़े गए सिलैण्डर किस एजेंसी के थे, इसका पता लगाया जाए तथा इस एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। बैठक में शहरी क्षेत्रा में साफ-सफाई सहित विभिन्न बिंदुओं पर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में नगर निगम उपायुक्त ताज मोहम्मद, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र चौधरी, अधीक्षण अभियंता (जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी) दीपक बंसल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता बसंत आचार्य, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता एम.आर. चौधरी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।
—–

error: Content is protected !!