फ़िरोज़ खान
बारां 04 मार्च। बारां जिले की तहसील अटरू के ग्राम सकतपुर में काॅलेज की एक छात्रा के बाथरूम में नहाते वक्त ग्राम के ही दो युवकों द्वारा सरेआम र्निवस्त्र कर, तलवार से घायल कर, दिनदहाडे अपहरण कर ले जाने की घटना पर कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जैन भाया तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल शनिवार को सकतपुर पहुंचकर पीडिता एवं उनके परिवारजनों से मिले तथा उनकी कुशलक्षेम पूछी।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जैन भाया तथा जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि ग्राम सकतपुर में काॅलेज की छात्रा के साथ घटित घटनाक्रम पर शनिवार को वह कांग्रेसजनों के साथ छात्रा एवं उसके परिवारजनों से मिलने सकतपुर ग्राम पहुंचे। छात्रा ने उसके साथ घटित सम्पूर्ण घटनाक्रम की जानकारी दी तो सुनने वालों के भी रोंगटे खडे हो गए। उसने कहा कि वह तथा उसके परिवारजन अभी भी भयग्रस्त है।
भाया व मेघवाल ने कहा कि बारां जिला मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र है तथा मुख्यमंत्री स्वयं एक महिला है। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में ही महिलाओं पर अत्याचार घटित होना शर्मनाक है। भाया व मेघवाल ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि जब स्वयं मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में महिलाओं पर अपराध घटित हो रहे है तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति कैसी होगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जैन भाया तथा जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल ने सरकार एवं प्रशासन से पीडित युवती को दस लाख रूपए की आर्थिक सहायता तथा उसे सरकारी नौकरी दिए जाने सहित परिवार की माकूल सुरक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार द्वारा उपरोक्तानुसार मांगें नही मानी गई तो कांग्रेस द्वारा धरना प्रदर्शन किया जावेगा। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जैन भाया व जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल के साथ शंभूसिंह हाडा पूर्व जिला परिषद सदस्य, हकीमुद्वीन, पप्पू मीणा आदि भी साथ में रहे।
