जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक सम्पन्न
फ़िरोज़ खान
बारां 05 मार्च। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक कांग्रेस कमेटी के श्रीजी चैक स्थित जिला कार्यालय पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया के मुख्य आतिथ्य तथा पानाचंद मेघवाल जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यकारणी, ब्लाॅक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, अग्रिम संगठन, प्रकोष्ठों सहित वरिष्ठ स्थायी सदस्यों तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। बैठक के दौरान भाजपा की रीति-नीति से नाराज होकर भाजपा कार्यकर्ता बृजमोहन नागर पछाड तहसील छीपाबडौद द्वारा कांग्रेस पार्टी में आस्था व्यक्त करते हुए बैठक में सदस्यता ग्रहण की। जिसका प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद भाया द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया।
जिला महासचिव कैलाश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक को मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद जैन भाया ने बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ता को अपने मन की बात खुलकर कहने का पूर्ण अधिकार है। भाया ने कहा कि पार्टी में निष्क्रिय पदाधिकारियों के स्थान पर शीघ्र ही पार्टी संगठन के लिए गांव ढाणी में कर्मठशील कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा ताकि गांवों में पंचायत स्तर तक पार्टी से संबंधित गतिविधियां एवं सूचनाएं पहुंच सके। भाया ने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र में घटित घटना से पार्टी के जिला स्तर संगठन को कार्यकर्ता जानकारी दे। उन्होने कहा कि बारां जिला मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र है तथा मुख्यमंत्री स्वयं एक महिला है। मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में ही महिलाओं पर अत्याचार घटित होना शर्मनाक है। भाया ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि जब स्वयं मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में महिलाओं पर अपराध घटित हो रहे है तो इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति कैसी होगी।
जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि कांग्रेस विचारधारा के व्यक्तियों के नाम अधिक से अधिक मतदाता सूचियों में जुडवावे। पार्टी कार्यकर्ता अपने स्तर पर जनहित की समस्याओं से नेताओं को अवगत करावें। मेघवाल ने कहा कि पार्टी में एक व्यक्ति को संगठन से संबंधित एक ही जिम्मेदारी दी जावेगी। मेघवाल ने अपने संबोधन में पदाधिकारियो से आव्हान किया कि गैस की बडी हुई कीमतो, किसानों के लिए खाद, बीज, बिजली आदि समस्याओं को लेकर समय-समय पर विरोध दर्ज कराया जावे तथा आमजन को जानकारी दे कि कांग्रेस द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को ही भाजपा सरकार द्वारा नए तरीके से पेश किया गया है। मेघवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि समय रहते प्रशासन द्वारा जन समस्याओं पर ध्यान नही दिया गया तो पार्टी जन आंदोलन करने में भी पीछे नही हटेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक श्रीमती निर्मला सहरिया एवं पूर्व जिला प्रमुख रामचरण मीणा ने कहा कि निष्क्रिय कार्यकर्ताओं के स्थान पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को पार्टी में जोडा जावे। प्रदेश महासचिव मंजू शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की नींव है इसलिए कार्यकर्ता पार्टी हित में मजबूती से कार्य करें।