– राजपुरोहित समाज की विशाल वाहन रैली का शहर में हर वर्ग ने किया स्वागत
बाड़मेर।
बाड़मेर जिला मुख्यालय पर संत श्री खेतेश्वर महाराज की 105वीं जयंती के अवसर पर वाहन रैली व कार्यक्रम का आयोजन राजपुरोहित समाज छात्रावास के समाज न्याती भवन में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार सुबह 10 बजे राजपुरोहित समाज भवन से वाहन रैली रवाना हुई। इस अवसर पर यूआईटी चैयरपर्सन डॉ. प्रियंका चौधरी, डिप्टी बाड़मेर ओमप्रकाश उज्ज्वल, राजस्थान ब्राहृमण महासभा के जिला अध्यक्ष मांगीलाल राणेजा, राजपुरोहित समाज के जोगराजसिंह राजपुरोहित ने झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में 300 के करीब दुपहिया वाहन और दर्जनों बड़ी गाड़ियां थी। जिसमें सबसे आगे खेतेश्वर महाराज की प्रतिमा से सजा हुआ रथ था। वाहन रैली समाज भवन से रवाना होकर अहिंसा सर्किल, विवेकानंद सर्किल, रॉयकोलोनी, पांच बत्ती चौराहा, स्टेशन रोड, रेलवे स्टेशन, चौहटन रोड, चौहटन सर्किल, सिणधरी चौराहा होते हुए पुन: रैली समाज भवन के आगे विसर्जित होकर सभा में तब्दील हो गई।
शहर से रैली के गुजरते समय खेतेश्वर भगवान के जयकारों से जगह जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। शहर के मुख्य मार्गों पर विभिन्न समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा की। इस दौरान शहर भर के मुख्य मार्गों पर रैली के स्वागत में दर्जनों भर तोरण द्वार लगाए गए। जगह जगह पुष्पवर्षा की समुचित व्यवस्था सर्व समाज के लोगो द्वारा की गई।
राजपुरोहित समाज की विशाल रैली स्थानीय राजपुरोहित नोहरे के आगे सम्पन्न हुई। तत्पश्चात विधायक बाड़मेर मेवाराम जैन, प्रांतीय उपाध्यक्ष ब्राह्मण महासभा श्यामलाल दुलानी, जिलाध्यक्ष ब्राह्मण महासभा मांगीलाल राणेजा के आतिथ्य में सभा आयोजन रखा गया। कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्मऋषि संत खेताराम महाराज की प्रतिमा के समक्ष पूजन-प्रार्थना से की गई। कार्यक्रम में बोलते हुए जोगराज सिंह जुड़िया ने कहा कि राजपुरोहित समाज सांस्कृतिक, नैतिक मूल्यों की राह पर चलने वाला समाज हैं और हमे इस राह पर आगे बढ़ते हुए समाज को आगे बढ़ाने में सर्व प्रयत्न करने चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज में जन्म लेने वाले खेताराम महाराज ने जीवमात्र के प्रति सोचा यही कारण हैं कि सभी सम्प्रदाय-जाति के लोग खेताराम महाराज को याद करते हैं और उनके दिखाए गये मार्गो पर चलते हैं।
कार्यक्रम में बोलते हुए प्रांतीय उपाध्यक्ष राजस्थान ब्राह्मण महासभा श्यामलाल दुलानी ने कहा कि संत खेतेश्वर ने प्राणिमात्र के जीवन के ज्ञान के प्रकाशपुंज प्रज्वलित किए हैं। उनकी दिखाई गई राह पर चलकर हम स्वयं को और समाज को सकारात्मक बनाकर जीवन सफल कर सकते हैं।
सभा में बड़ी संख्या में मौजूद राजपुरोहित समाज के लोगो को सम्बोधित करते हुए बाड़मेर के विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि राजपुरोहित समाज बुद्धिजीवी समाज हैं लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ता रहेगा यही उम्मीद हैं। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा समेत ऐसे ही दुसरे कामो के लिए विधायक कोटे से सहयोग के लिए वे हमेशा तैयार हैं। उन्होंने कहा कि राजपुरोहित समाज के लिए आजतक उन्होंने कई बार विधायक कोटे से कुछ शहर में करने की सोची लेकिन समाज ने सब प्रबन्धन अपने स्तर पर करवा कर यह दिखाया कि समाज के परिवर्तन के लिए मदद खुद को करनी होती है।उन्होंने कहा कि राजपुरोहित समाज की एकता सभी के लिए मिसाल हैं। कार्यक्रम को राम सिंह बोथिया , प्रेम सिंह लंगेरा समेत कई लोगो ने सम्बोधित किया.
इस मौके पर राजपुरोहित समाज के सैकड़ों की संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में हेम सिंह महाबार , खींर सिंह बालेरा , राजूसिंह श्रीरख लंगेरा , खुमान सिंह रडवा , मोहन सिंह महाबार , बख्तावर सिंह आगोरिया , इंद्र सिंह लंगेरा , समेत कई लोग मौजूद रहे.
कार्यक्रम मे कई ब्राह्मण घटक शामिल हुए
बाड़मेर में राजपुरोहित समाज के द्वारा आयोजित की गई वाहन रैली में बाड़मेर के कई ब्राह्मण घटक शामिल हुए. काफी संख्या में जोशी , गौड़ , श्रीमाली समेत कई घटक रैली में शामिल हुए.