स्वर्ण जीता; कैडेट्स ने किया बीकानेर को गौरवान्वित

( सम्मानित कर एन.सी.सी. उपमहानिदेशक एयर कोमोडोर ने की सराहना )

DSC_9902बीकानेर, 22 सितम्बर 2017। वेटरनरी विवि में शुक्रवार को हर चेहरे पर अति प्रसन्नता झलकी। कारण था; एयर केमोडोर ने राजकोट में आयोजित राष्ट्रीय सद्भावना शिविर (23 अगस्त-4 सितम्बर 2017) में यूनिट के 10 छात्र और 6 छात्रा कैडेटों को अर्जित उपलब्धियों के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए। पूरे भारत वर्ष में एन.सी.सी. के 19 निदेशालय में से इस यूनिट द्वारा दूसरा स्थान प्राप्त किए जाने पर ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय सद्भावना शिविर में इकाई की छात्रा कैडेट्स अपेक्षा और हिमानी ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए। राजस्थान राज्य खेल प्रतियोगिता की ताइक्वान्डू संवर्ग में कैडेट शिवराज सिंह ने स्वर्ण पदक व चम्पा जाट ने रजत पदक जीत कर बीकानेर का नाम रोशन किया है। इससे पूर्व राजस्थान एन.सी.सी. निदेशालय के उपमहानिदेशक एयर कोमोडोर टी.के. सिन्हा ने विवि में 1 राज आर एण्ड वी स्क्वाड्रन एन.सी.सी. यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने यूनिट और घोड़ा लाइन का निरीक्षण कर उसके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उपमहानिदेशक एयर कोमोडोर सिन्हा ने कुलपति सचिवालय के सभागार में कैडेट्स को सम्बोधित करते हुए कहा कि एन.सी.सी. की गतिविधियों से छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व का चहुँमुखी विकास कार्य के प्रति निष्ठा और दूसरों पर सकारात्मक प्रभाव के सद्गुणों का विकास होता है। वेटरनरी कॉलेज के अधिष्ठाता प्रो. त्रिभुवन शर्मा ने कहा कि एन.सी.सी. आत्म संतुष्टि के साथ ही नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और कर्मठता जैसे गुणों के विकास का एक सशक्त माध्यम है। एन.सी.सी. के समादेशक अधिकारी ले. कर्नल अशोक सिंह राठौर ने बताया कि यूनिट के कैडेट्स ने अपनी योग्यता और मेहनत का परचम पूरे देश में फहराया है। इस अवसर पर पूर्व एन.सी.सी. अधिकारी प्रो. आर.एन. कच्छवाहा भी मौजूद थे।
– मोहन थानवी

error: Content is protected !!