महिला सशक्तीकरण की दिशा में सराहनीय कदम है अमृता हाट

दूसरे दिन हुए विभिन्न कार्यक्रम
amrita haatबीकानेर, 25 नवंबर। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा जयनारायण व्यास काॅलोनी स्थित ग्रामीण हाट में आयोजित हो रहे पांच दिवसीय अमृता हाट मेले के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न कार्यक्रम हुए। संसदीय सचिव डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल ने अमृता हाट का अवलोकन किया तथा इसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया। वहीं आमजन ने मेले में लगाई गई स्टाॅल्स को देखा और जमकर खरीदारी की।
महिला अधिकारिता विभाग की सहायक निदेशक मेघारतन ने बताया कि दूसरे दिन के कार्यक्रमों की शुरूआत युवा भारत संस्थान द्वारा मेडिटेशन कार्यक्रम से हुई। संस्थान द्वारा विभिन्न स्वंय सहायता समूहों की प्रतिनिधि महिलाओं को मेडिटेशन के फायदे बताए गए। महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने मेले का अवलोकन किया। उन्होंने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए समूहों की महिलाओं से उनके उत्पादों के बारे में जानकारी ली। मेघारतन ने छात्राओं को मेले के उद्देश्यों के बारे में बताया।
महिला सशक्तीकरण की ओर सराहनीय कदम
संसदीय सचिव डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल ने अमृता हाट का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पहल पर संभाग मुख्यालय पर लगातार तीसरे वर्ष यह आयोजन हो रहा है। महिला सशक्तीकरण की दिशा में यह राज्य सरकार का सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को अवसर मिलेंगे तथा इसके दूरगामी परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने महिलाओं द्वारा बनाए हस्तनिर्मित उत्पादों की सराहना की।
आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं
अमृता हाट मेले के दूसरे दिन मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में लक्ष्मी ने प्रथम, पाली ने द्वितीय तथा रितिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शनिवार को ही ‘बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें भारत स्काउट एवं गाइड की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डाॅ. विमला मेघवाल, कोषाधिकारी योगिता गोयल, डाॅ. प्रभा भार्गव, अरूणा भार्गव, डाॅ. गुरजीत कौर तथा डाॅ. अभिलाषा आल्हा ने विचार रखे। सभी वक्ताओ ने कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिए सामूहिक प्रयास करने तथा बालिकाओं को शिक्षा के समुचित अवसर उपलब्ध करवाने की बात कही। दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ।

error: Content is protected !!