मनमोहन सिंह फिर नहीं चाहते मौका

Manmohan Singhकांग्रेस में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की बढ़ती मांग के बीच मनमोहन सिंह ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को बता दिया है कि वह ब्रेक चाहते हैं और तीसरी बार पीएम बनने की उनकी इच्छा नहीं है। उन्होंने सोनिया से कहा कि वह अब पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने राहुल गांधी की मदद करने की भी इच्छा जताई। पीएम के इस रुख के बाद पार्टी में माना जा रहा है कि राहुल गांधी के लिए रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है।
पिछले दिनों मनमोहन और सोनिया की मुलाकात हुई थी और इसी दौरान पीएम ने उन्हें अपनी इच्छा बता दी। इस बातचीत की जानकारी रखने वाले एक नेता ने हमारे सहयोगी अखबार इकनॉमिक टाइम्स को बताया कि अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी कि मनमोहन सिंह पार्टी में किस रूप में काम करेंगे।
कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं के बीच हुई इस बातचीत की जानकारी पार्टी और सरकार के वरिष्ठ लोगों को है। प्रधानमंत्री के रुख को इस लिहाज से अहम माना जा रहा है कि कांग्रेस अब बिना किसी दबाव से राहुल को लेकर रणनीति बना सकती है। इस बारे में ईमेल के जरिए पूछे जाने पर प्रधानमंत्री कार्यालय या सोनिया गांधी की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है।
कांग्रेस के एक सीनियर नेता ने कहा, ‘अगर हम अगला चुनाव जीतते हैं तो इस बात की कोई संभावना नहीं है कि मनमोहन सिंह को तीसरे कार्यकाल की पेशकश की जाएगी। इसके बावजूद उनकी बात इस लिहाज से अहम है कि अब कोई भी फैसला उनकी सहमति से लिया जा सकता है।’
पार्टी में चर्चा है कि 17 जनवरी को कांग्रेस वर्किंग कमिटी की होने वाली बैठक में राहुल गांधी को पीएम पद का उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा हो सकती है। हालांकि, कांग्रेस के इस नेता ने कहा कि अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं हुआ है, लेकिन पीएम के ‘संदेश’ के बाद इस दिशा में बढ़ने में मदद मिलेगी।

error: Content is protected !!