किसानों को मिले फसलों की पूरी लागत-प्रो. जाट

केकड़ी में रबी फसल विचार गोष्ठी का आयोजन

 सांवरलाल जाट
सांवरलाल जाट

अजमेर। जल संसाधन मंत्री प्रो. सांवर लाल जाट ने कहा कि किसानों को उनकी फसल की पूरी लागत मिलनी चाहिए। किसान कृषि से संबंधित नई तकनीकों का उपयोग करें एवं भूमि की जांच करवाकर सही अनुपात में खाद का प्रयोग करें तो उत्पादकता में वृद्घि होगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार से किसानों के लिए और अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया जाएगा।
जल संसाधन मंत्री प्रो. जाट मंगलवार को केकड़ी नगर पालिका प्रांगण में आयोजित रबी फसल विचार गोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के पूर्व देश में परम्परागत ढ़ंग से खेती होती थी। किसान अपनी स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप फसल उत्पादन करते थे। इस खेती में देसी खाद व परम्परागत साधनों का ही उपयोग किया जाता था। लेकिन अब जमाना बदल गया है।
प्रो. जाट ने कहा कि आजादी के पश्चात देश में खेती के लिए डीएपी और यूरिया खाद सहित मशीनों का उपयोग होने लगा है। अब जमाना व्यवसायिक खेती का है। किसान भाई सौंफ,जीरा और ईस्बगोल सहित कई अन्य प्रकार की फसलें उगा रहे है। फसल उत्पादन में बढ़ोतरी के लिए जरूरी है कि कृषि से संंबंधित नवाचारों को अपनाया जाए।
प्रो. जाट ने कहा कि किसान भाई अपने खेतों में मिट्टी की जांच करवाए और सही अनुपात में खाद डालें तो निश्चित रूप से उत्पादकता में वृद्घि होगी एवं किसान खुशहाल होंगे।
प्रो. जाट ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार किसानों की समृद्घि और उत्पादन बढ़ाने के लिए फसल बीमा और अनुदान सहित कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध करा रही हैं। इन सुविधाओं में और बढ़ोतरी के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे से आग्रह किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे किसानों के प्रति संवेदनशील है और उनकी सुविधा के लिए हर संभव कदम उठाती है। नर्मदा सिंचाई क्षेत्र में करीब एक लाख हैक्टेयर में नई तकनीक से सिंचाई की जा रही है। यह तकनीक सभी जगह उपयोग में ली जानी चाहिए। उन्होंने कृषि एवं इससे संंंबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-समय पर किसानों का मार्गदर्शन करें।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला प्रमुख श्रीमती सीमा माहेश्वरी ने कहा कि किसानों को फसल का उत्पादन बढ़ाने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल करना चाहिए। केन्द्र व राज्य सरकार इसमें पूरा सहयोग कर रही है। जल संसाधन मंत्री प्रो. सांवर लाल जाट भी किसानों के लिए संवेदनशील है। इस दिशा में और अधिक प्रयास किए जाएंगे।
उप जिला प्रमुख श्री ताराचंद रावत ने कहा कि इस तरह की संगोष्ठीयां किसानों के लिए बेहद फायदेमंद होती है।
केकड़ी क्रय-विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री मदन गोपाल चौधरी ने कहा कि किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध होना चाहिए ताकि फसलों की उत्पादकता बढ़ें। उन्होंने जल संसाधन मंत्री प्रो. सांवर लाल जाट एवं इस्को के अधिकारियों से आग्रह किया कि रबी की फसल के लिए यूरिया शीघ्र उपलब्ध कराए। उन्होंने धन्यवाद भी ज्ञापित किया। कार्यक्रम में किसानों को कृषि उपकरण भी वितरित किए गए। इस अवसर पर श्री गणेश चौधरी, श्री दिनेश तोतला एवं अन्य जनप्रतिनिधियों सहित केकड़ी व सरवाड़ क्षेत्र के ग्राम सेवक सहकारी समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

जल संसाधन मंत्री प्रो. जाट ने सुनें अभाव अभियोग
जल संसाधन मंत्री प्रो. सांवर लाल जाट ने नसीराबाद व केकड़ी क्षेत्र में ग्रामीणों के अभाव अभियोग सुनें। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। प्रो. जाट का ग्रामीणों ने स्वागत किया।

error: Content is protected !!