दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। आम आदमी पार्टी को 67 सीटों पर जीत मिली है । बीजेपी की खराब हालत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी की सीएम कैंडिडेट किरन बेदी तक को हार का सामना करना पड़ा है। बीजेपी को सिर्फ 3 सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस का तो खाता भी नहीं खुल पाया है।
अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी को शानदार जीत दिलाने के लिए दिल्ली की जनता का आभार जताया है। आप’ नेता आशुतोष ने बताया है कि अरविंद केजरीवाल 14 फरवरी को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बीजेपी की सीएम कैंडिडेट किरन बेदी ने पार्टी की हार स्वीकार हुए आम आदमी पार्टी चीफ अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है। इस बीच दिल्ली कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल ने 31 हजार वोटों से जीत हासिल की है। उनके अलावा चांदनी चौक से अल्का लांबा, करोल बाग से विशेष रवि, छतरपुर से करतार सिंह तंवर, आंबेडकर नगर से अजय दत्त, मॉडल टाउन से अखिलेश त्रिपाठी, कालका जी से अवतार सिंह और शकूर बस्ती से सत्येंद्र जैन ने जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी को हरा दिया है।
बीजेपी को सिर्फ 3 सीटों पर ही जीत मिली है। विश्वास नगर से ओम प्रकाश शर्मा, मुस्तफाबाद से जगदीश प्रधान और रोहिणी से विजेंद्र गुप्ता ने जीत हासिल की है। पार्टी की सीएम कैंडिडेट किरन बेदी को कृष्णा नगर सीट पर आम आदमी पार्टी के एस.के. बग्गा से हार का सामना करना पड़ा है। जनकपुरी सीट पर बीजेपी के सीनियर नेता जगदीश मुखी को भी हार का सामना करना पड़ा है।
‘आप’ ने 70 में 67 सीटें जीत ली हैं। इससे पहले ऐसा देश में केवल दो बार हुआ है। एक बार सिक्किम में और दूसरी बार बिहार में। इसके अलावा 1991 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में AIDMK और कांग्रेस गठबंधन ने 234 सीटों में से 225 पर जीत दर्ज की थी, जबकि इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में डीएमके-कांग्रेस गठबंधन ने 234 में से 221 सीटें जीती थीं।
आम आदमी पार्टी नेता आशुतोष ने बताया है कि अरविंद केजरीवाल 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन इस बार भी रामलीला मैदान में किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल उसी तारीख को शपथ लेंगे जिस दिन उन्होंने पिछले साल इस्तीफा दिया था। 14 फरवरी को दिल्ली की नई सरकार शपथ लेंगे। इससे पहले वह राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और होम मिनिस्टर से मिलना चाहते हैं।