केन्द्र की पूर्व कांग्रेस सरकार ने बनाया था घोटालों का रेकार्ड, प्रदेश की पूर्व कांग्रेस सरकार ने बनाया राज्य को बीमारू प्रदेश, अजमेर के कांग्रेस मेयर ने बिगाड़े शहर के हालात: देवनानी
अजमेर, 14 अगस्त 2015। शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि कांग्रेस अपने केन्द्र में पिछले 10 वर्ष के कार्यकाल एवं प्रदेश में पिछले 5 वर्ष के कार्यकाल का हिसाब दे। इन्होंने अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार व घोटालों के सिवाय कुछ नहीं किया। देवनानी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में जहां केन्द्र में घोटालों के रेकार्ड बने वहीं हमारा प्रदेश बीमारू राज्यों की श्रेणी में सम्मिलित हो गया और अजमेर को ऐसा नकारा मेयर दिया जिसके पास अपने पांच वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धि के नाम पर जीरो है।
देवनानी ने कहा कि माननीय मोदी जी की सरकार ने विश्व स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है तथा वसुंधराजी के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश के आर्थिक प्रबंधन को मजबूती प्रदान करते हुए गावों, शहरों के विकास को गति प्रदान की है साथ ही हमारे अजमेर को देश के चुनिंदा शहरों में से स्मार्ट सिटी व हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित किये जाने के लिए चुना है।
शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री सचिन पायलट के नेतृत्व को अजमेर की जनता पहले ही नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि गत विधानसभा व लोकसभा चुनावों के बाद अजमेर जिले के पंचायतीराज के चुनावों में भी अजमेर की जनता ने कांग्रेस का पूरी तरह सूपंड़ा साफ किया था।
देवनानी ने कहा कि अजमेर की जनता कांग्रेस के किसी भी दुष्प्रचार से भ्रमित होने वाली नहीं है क्योंकि उन्होंने देखा है कि कांग्रेस शासन ने किस प्रकार देश, प्रदेश व शहर को गर्त में धकेला था।
देवनानी ने विभिन्न वार्डो में किया जनसम्पर्क-भाजपा के लिए वोट व समर्थन देने का किया आग्रह
देवनानी ने आज अजमेर उत्तर के विभिन्न वार्डो में सघन जनसम्पर्क किया तथा भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभाओं व बैठकों में क्षेत्रवासियों को सम्बोधित कर स्वच्छ अजमेर, स्वस्थ अजमेर के साथ ही शहर के विकास को गति प्रदान करने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आग्रह किया।