फ़िरोज़ खान
बारां 18 जून । कसबनोनेरा ग्राम पंचायत के गांव मंडी बोहरा के 82 राशन उपभोक्ताओं को मार्च से ही राशन सामग्री नही मिली है । इस गांव में 45 उपभोक्ता तो अंत्योदय व 15 उपभोक्ता बीपीएल तथा 22 उपभोक्ता एपीएल के है । इनको गेँहू, चीनी, केरोसीन 4 माह से नही मिले है । लोगो ने बताया कि डीलर महेश शर्मा के पास कसबनोनेरा प्रथम व द्वितीय का अटेचमेंट है । उसके बाद उपभोक्ताओं को राशन सामग्री से वंचित रखा हुआ है । लोगो ने बताया कि चीनी के तो अभी तक भी दर्शन नही किये । चीनी तो हमे आजतक भी नही मिली है । इस कारण उपभोक्ता इस डीलर से परेशान है । लोगो ने बताया कि 9 जून को उपखण्ड अधिकारी शाहाबाद को भी लिखित में शिकायत कर राशन सामग्री दिलाने की मांग की गई थी । वही 12 जून को न्याय आपके द्वार केम्प कसबनोनेरा में आयोजित किया गया था । उसमें भी लोगो ने डीलर की शिकायत की थी । इसी तरह 17 जून को संदोकड़ा में प्रभारी एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री बाबूलाल वर्मा ने जनसुनवाई की थी इस दौरान भी लोगो ने डीलर की शिकायत की थी । मगर उसके बाद भी अभी तक ना ही राशन सामग्री मिली है और ना ही डीलर के खिलाफ कोई कार्यवाही की गई है । मानु पुत्र रसूल भील, गोविंद पुत्र हब सिंह भील, सरदार पुत्र खेमा भील, कसरु पुत्र नाना, शैतान पुत्र खेमा, श्यामलाल पुत्र कचरू भील ने बताया कि फरवरी 2017 से अभी तक भी राशन सामग्री नही मिली है । उंन्होने बताया कि गांव मंडी बोहरा, संगेश्वर, बलारपुर में 97 परिवार भील समुदाय के निवास करते है । इन परिवारों को 4 से 5 माह हो गए उसके बाद भी अभी तक भी इनको राशन सामग्री नही मिल रही है । इसी तरह कसबनोनेरा के सहरिया परिवारों को भी 2 माह का राशन नही मिला है । इसी तरह मंडी सहजना की दखो बाई, कल्याण, करू, सूरज, कलीराम, प्रल्हाद सहरिया सहित करीब 60 परिवारों ने बताया कि मार्च व फरवरी 2017 के दो दो कूपन लेकर उपभोक्ता डीलर के चक्कर लगा रहे है उसके बाद भी अभी तक राशन उपभोक्ताओं को पैकेज नही मिला है । इसी तरह डीलर ने हटीला जाटव की 2 मई को 6 किलो,व 10 जनवरी 2017 को 3 किलो चीनी फर्जी तरीके से निकाल ली गयी । मगर उपभोक्ता को नही मिली । बंशी जाटव ने बताया कि मुझे अभी तक भी इस डीलर द्वारा चीनी नही दी गयी है जबकि रिकार्ड के अनुसार मेरी चीनी फर्जी तरीके से निकाल ली गयी । उंन्होने बताया कि जब हम डीलर के पास केरोसिन लेने जाते है तो उस समय ही सभी सामग्री निकाल ली जाती है । और हमे केरोसिन देकर भगा दिया जाता है । उंन्होने बताया कि पढ़े लिखे नही होने के कारण हमारे साथ इस तरह का धोखा किया जाता है । और हमारे हिस्से की राशन सामग्री को डीलर लम्बे समय से हड़प रहा है । इसी तरह रसद विभाग के प्रवर्तन अधिकारी शंकर लाल मीणा को भी क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने दूरभाष पर डीलर द्वारा राशन सामग्री नही दिए जाने की शिकायत की गई , मगर उसके बाद भी लोगो को सामग्री नही मिल रही है । वही इस सम्बंध में जिला कलक्टर डॉ एस पी सिंह ने बताया कि अगर इस तरह का मामला है तो डीलर की जांच करवाकर उचित कार्यवाही की जावेगी ।