अजमेर 23 अगस्त। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यापक कल्याण कोष न्यास से सेवारत और सेवानिवृत आश्रितों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा में अध्ययन के लिए 30 लाख रूपये की छात्रवृत्ति स्वीकृत की गई है। बुधवार को आयोजित अध्यापक कल्याण कोष न्यास की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. बी.एल. चौधरी ने कहा है कि बोर्ड उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने वाले पंजीकृत परीक्षकों के आश्रितों के अध्ययन के लिए हर प्रकार की सहायता के लिए कटिबद्ध है।
बोर्ड की सचिव श्रीमती मेघना चौधरी ने कहा कि इस वर्ष छात्रवृत्ति के लिए 780 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, परन्तु निर्धारित मानकों पूरा करने वाले 520 आवेदकों को छात्रवृत्ति के लिए पात्र पाया गया और इन्हें इस फण्ड से तीस लाख रूपये की छात्रवृत्ति राशि आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। बोर्ड में पंजीकृत परीक्षकों के आश्रितों को अध्यापक कल्याण कोष से प्रत्येक वर्ष तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा यथा- मेडिकल, आयुर्वेद, इंजीनियरिंग, वेटनरी, बी.एड., एफ.एड. एवं महाविद्यालय पाठ्यक्रमों में नियमित अध्ययन करते हेतु छात्रवृत्ति दी जाती है। शैक्षणिक सत्र 2017-18 की छात्रवृत्ति हेतु आवेदन पत्र अक्टूबर माह में आमंत्रित किये जायेंगे। न्यास की बैठक में प्रहलाद शर्मा, पूनमचंद पालीवाल और बोर्ड की वित्तीय सलाहकार श्रीमती आनन्द आशुतोष भी उपस्थित थी।
उप निदेशक (जनसम्पर्क)