विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2018 के संबंध में कार्यक्रम जारी

जिला निर्वाचन अधिकारी गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

bikaner samacharबीकानेर, 25 अक्टूबर। जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2018 के तहत त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने हेतु राजनैतिक दलाें के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई।

जिला निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 30 अक्टूबर को होगा तथा इसी दिन से दावे, आपत्तियां 20 नवम्बर तक प्राप्त की जायेंगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के संबंधित भाग की प्रविष्टियों का ग्रामसभा, स्थानीय निकाय एवं आवासीय वेलफेयर सोसायटी के साथ 11 नवम्बर व 18 नवम्बर को बैठक कर पठन एवं सत्यापन किया जायेगा।

गुप्ता ने बताया कि 12 नवम्बर और 19 नवम्बर को सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा राजनैतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (बीएलए) के साथ दावे और आपत्तियां प्राप्त किए जाने हैं। वे इस दौरान मतदाताओं से फॉर्म नम्बर 6, 7 व 8 प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी राजनैतिक दल अपने बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं को उक्त तिथियों को संबंधित बूथ पर नियुक्त करें, जिससे त्रुटिरहित मतदाता सूचियां तैयार हो सकें। दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 4 दिसम्बर 2017 को किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 5 दिसम्बर से 29 दिसम्बर तक डेटाबेस अपडेट करने का कार्य, फोटोग्राफ मर्ज करना, कन्ट्रोल टेबल्स को अपडेट करना एवं पूरक मतदाता सूची की तैयारी एवं मुद्रण कार्य किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2018 को किया जायेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जो युवा 1 जनवरी 2018 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे, वे मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी यशवंत भाकर, भारतीय जनता पार्टी से डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, सहीराम दुसाद व पाबूदान सिंह राठौड़, इंडियन नेशनल कॉंग्रेस से यशपाल गहलोत व प्रहलाद सिंह मार्शल, भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) के मूलचंद खत्री, नेशनलिस्ट काॅंग्रेस पार्टी के कन्हैयालाल पंवार उपस्थित थे।
– मोहन थानवी

error: Content is protected !!