केन्द्रीय दल ने किया टीकाकरण अभियान निरीक्षण
बीकानेर। भावी पीढ़ी के जीवन में सेहत के 7 रंग भरने सघन मिशन इन्द्रधनुष टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण मंगलवार को शुरू हुआ। अक्टूबर में स्वयं प्रधानमंत्री द्वारा चातुर्मासिक अभियान आईएमआई का उदघाटन किया गया था। नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों को 9 जानलेवा बीमारियों से बचाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट आईएमआई के तहत बीकानेर शहरी क्षेत्र, ग्रामीण क्षेत्र व खाजूवाला में टीकाकरण के विशेष सत्र आयोजित किए गए। सुबह से ही अपने-अपने सत्र स्थलों पर मुस्तैद एएनएम व आशा सहयोगिनियों ने ड्यू लिस्ट अनुसार माँ-बच्चों को घरों से बुला-बुलाकर टीके लगाए। इस माह अभियान 15 तारीख तक जारी रहेगा। आईएमआई द्वारा सम्पूर्ण टीकाकरण के कवरेज को 2018 तक 90 प्रतिशत के स्तर तक ले जाने का लक्ष्य तय है। बीकानेर सहित राज्य के 11 जिलों में अभियान चलाया जा रहा है।
हुई सघन मोनिटरिंग
इन विशेष स्थाई व मोबाइल टीकाकरण सत्रों की सघन मोनिटरिंग हुई। अंतर्राष्ट्रीय एनजीओ जॉन स्नो इण्डिया के राज्य तकनीकी अधिकारी विजय अग्रवाल द्वारा खाजूवाला के आंगनवाड़ी संख्या 3 व दंतौर की आंगनवाड़ी संख्या 1 में चल रहे सत्र का निरीक्षण किया गया। यूनिसेफ के संभागीय समन्वयक ललित रंगा व बीपीएम हेतराम बेनीवाल भी साथ रहे। निरीक्षण में हेड काउंट, ड्यू लिस्ट व वास्तविक लाभार्थियों का सघन आंकलन किया गया। उन्होंने ढाणी-ढाणी जाकर बच्चों व गर्भवतियों की संख्या को सर्वे कि रिपोर्ट से मिलान किया। आमजन से बच्चों के सम्पूर्ण टीकाकरण करवाने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि एक भी लेफ्ट आउट व ड्रॉप आउट बच्चा अभियान से लाभान्वित होने से वंचित ना रहे।
विश्व स्वास्थ्य संगठन की एसएमओ डॉ. मंजुलता शर्मा व एनयूएचएम सलाहकार नेहा शेखावत ने बीकानेर शहरी क्षेत्र में बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र व तिलक नगर में आयोजित टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण को बच्चों के स्वस्थ व सशक्त भविष्य के लिए जरूरी बताया और झुग्गीवासियों को नियमित टीकाकरण से जुड़ने का आह्वान किया।
जिले में लगेंगे 107 आईएमआई टीकाकरण सत्र
डॉ. मंजुलता शर्मा ने जानकारी दी कि जिले में 70 ग्रामीण क्षेत्रों व 37 शहरी क्षेत्रों में विशेष आईएमआई टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। अक्टूबर से शुरू हुए अभियान के तहत अब नवम्बर, दिसंबर व जनवरी के दूसरे सप्ताह में विशेष सत्र आयोजित होंगे। लूणकरणसर खण्ड को छोड़कर सभी खण्डों में अभियान चलेगा। अभियान की लगातार मोनिटरिंग सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय से हो रही है इसलिए ढूंढ-ढून्ढ कर बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी
बीकानेर