महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सरकार कृतसंकल्प

( एक करोड़ रूपये के र्कायों का किया लोर्कापण )

IMG-20171128-WA0011बीकानेर, 28 नवम्बर 2017। उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने कहा कि महाविद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले तथा संस्कार निर्माण हो, सरकार इसके लिए कृतसंकल्प है। माहेश्वरी मंगलवार को एमएस कॉलेज में राष्ट्रीय विश्वविद्यालय व महाविद्यालय शिक्षक संघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहीं थीं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा में बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी प्रयासरत है। गत तीन वर्षों में कॉलेजों में बालिका नामांकन में 27.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में व्याख्याताओं की भर्ती की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हो रहा है। वर्तमान में 1250 व्याख्याताओं की भर्ती प्रक्रिया प्रगति में है। वहीं 924 नए पदों की अभ्यर्थना आरपीएसी को भेजी जा रही है। यह भर्ती सिर्फ परीक्षा अधारित होगी।

केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने महाविद्यालयों की विभिन्न मांगो को पूरा करने का आह्वान किया।

प्राचार्य डॉ. उमाकान्त गुप्त ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा एम एस कॉलेज का छात्रावास, वनस्पति विज्ञान में एमएससी प्रारम्भ करवाने सहित पुस्तकालयाध्यक्ष एवं अन्य पदों पर नियुक्तियों की मांग की।

राजकीय डूंगर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बेला भनोत; राजकीय विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विभा शर्मा ने भी विचार रखे। इस अवसर मंत्री का अभिनंदन किया गया। सहायक निदेशक कॉलेज शिक्षा डॉ दिग्विजय सिंह ने आभार जताया।

इन कार्यों का किया लोकार्पण –

उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी तथा केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राजकीय एम एस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में लगभग एक करोड़ रूपये के कार्यों का लोकार्पण/उद्घाटन किया।

माहेश्वरी ने राजकीय एमएस कॉलेज सभागार के जीर्णोद्धार विस्तार कार्य का उद्घाटन किया। इस कार्य पर राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत 50 लाख रूपये व्यय किए गए है। उन्होंने एमएस कॉलेज के रसायन प्रयोगशाला भवन का उद्घाटन किया। इस कार्य पर रूसा के तहत 30 लाख रूपये व्यय हुए। उन्होंने राजकीय डूंगर कॉलेज के 7 लाख 54 हजार से निर्मित सेमीनार कक्ष तथा राजकीय विधि महाविद्यालय के पुस्तकालय भवन का भी उद्घाटन किया। इसका निर्माण सांसद कोष से करवाया गया है।

इस अवसर पर डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, डॉ. मीना आसोपा सहित गणमान्य लोग मौजूद थे।

– मोहन थानवी

error: Content is protected !!