बीकानेर, 28 नवम्बर। राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी (आरएमआरएस) एस.डी.एम. राजकीय जिला चिकित्सालय, बीकानेर की बैठक मंगलवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. आर.पी. अग्रवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में उप प्राचार्य, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, डॉ. लियाकत अली गौरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ देवेन्द्र चौधरी ने भाग लिया। बैठक में चिकित्सालय के सदस्य सचिव एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एल. हटीला ने पूर्व की मिटिंग का कार्यवाही विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर चिकित्सालय सेवाओं के विस्तार हेतु विभिन्न बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया गया व आईसीयू, डायलिसिस जैसी विभिन्न योजनाओं को आरम्भ करने व मेडिकल कॉलेज से चिकित्सक लगाने का निर्णय लिया गया। चिकित्सालय में विकास कार्य एवं रोगियों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए वेलफेयर कमेटी बनाने एवं दानदाताओं से अन्य कार्य करवाने का निर्णय लिया गया। तत्पश्चात् तकरीबन 25 लाख की लागत से राज्य सरकार से प्राप्त एएलएस (एडवांस लाईफ सपोर्ट) एम्ब्यूलेंस को हरी झण्डी दिखाकर सेवा आरम्भ की गई। इस एम्बुलेंस में आईसीयू ऑन विहल्स है, जिसके द्वारा रोगियों को सघन चिकित्सा इकाई के साथ उच्च चिकित्सा संस्थान पर रैफर किया जा सकता है। इस अवसर पर डॉ. बी.के. यादव, डॉ. वी.के. गांधी, डॉ. सी.एल. सोनी एवं अन्य चिकित्सक भी उपस्थित थे।
– मोहन थानवी