बीकानेर, 28 नवम्बर। जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ के गच्छाधिपति आचार्यश्री जिन मणिप्रभ सूरिश्वरजी के सान्निध्य में भुजिया बाजार के चिंतामणि जैन मंदिर में 1116 प्राचीन प्रतिमाओं के पांच दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को दर्शन, पूजन व अभिषेक, भक्तामर महापूजन व भक्ति सहित विविध आयोजन हुआ। पांच सौ से अधिक प्राचीन आदिनाथ चिंतामणि जैन मंदिर की प्रतिमा के सोने की अंगी की गई तथा 2 किलो सोने के धूपिए से 1116 प्रतिमाओं के आरती की गई।
श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के सचिव चन्द्र सिंह पारख ने बताया कि उत्सव के दूसरे दिन करीब 250 से अधिक श्रावक-श्राविकाओं ने सुबह से शाम तक पूजा अर्चना की तथा सैकड़ों लोगों ने मंदिर की प्राचीन प्रतिमाओं के दर्शन किए। बीकानेर शहर के विभिन्न जैन समुदाय के श्रावक-श्राविकाओं के साथ जैनेतर श्रद्धालुओं तथा देश के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने मंदिर में दर्शन किए।
भक्तामर महापूजन का लाभ झंवरलालजी,कस्तुरीदेवी, मनोजकुमार सेठिया ने लिया। महोत्सव के तहत बुधवार को सुबह सात बजे सुवर्ण, रजत व कांस्य कलश से परमात्मा का अभिषेक, नवग्रह, दशदिक्पाल, अष्टमंगल पूजन तथा विजय मुर्हूत में श्री 108 पार्श्व पूजन होगा, जिसका लाभ वीरमती देवी, भंवर लाल, अभय कुमार व अशोक कुमार डागा परिवार ने लिया है। पारख ने बताया कि मूर्तियों को प्रकट करने व श्रीसंघ को दर्शन करवाने का लाभ पुरखचंद,धनराज, नेमचंद डागा परिवार ने लिया था।