588 यात्रियों को लेकर स्पेशल रेलगाड़ी रामेश्वरम के लिए रवाना

bikaner samacharबीकानेर, 4 दिसम्बर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना के तहत सोमवार को बीकानेर से स्पेशल रेलगाड़ी रामेश्वरम के लिए रवाना हुई। वरिष्ठ नागरिकों को देश के जानेमाने तीर्थस्थानों की यात्रा करवाने के उददेश्य से लागू की इस योजना के तहत संभाग के 588 यात्रियों को रवाना किया गया।

डॉ सत्यप्रकाश आचार्य ने स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर आचार्य ने मुख्यमंत्री को इस योजना के लिए को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऎतिहासिक है। इससे वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए खाने-पीने के समस्त इंतजाम ट्रेन में ही उपलब्ध करवाए गए हैं। किसी तीर्थयात्री को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर वह ट्रेन के प्रभारी व दिए गए टेलिफोन नम्बरों पर सूचित करें। इससे उनकी सभी समस्याओं का समाधान करवाया जा सकेगा। इस अवसर पर महापौर नारायण चोपड़ा ने भी विचार रखे।

इससे पूर्व डॉ आचार्य ने ट्रेन में पेंट्री कार कोच का फीता काटा तथा गुणवत्तापूर्ण भोजन व अन्य पेय पदार्थं तीर्थ यात्रियों को समय पर उपलब्ध करवाने की बात कही। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर, एडीएम सिटी शैलेन्द्र देवड़ा, देवस्थान विभाग में निरीक्षक श्वेता चौधरी, मोहन सुराणा, अशोक प्रजापत, कामिनी भोजक, आनंद जोशी मौजूद थे। देवस्थान विभाग के सहायक कमिश्नर ओमप्रकाश पालीवाल ने बताया कि योजना के तहत ट्रेन में हनुमानगढ़ के 158, बीकानेर के 216, चूरू के 132 तथा श्रीगंगानगर के 78 यात्री तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुए हैं।

इससे पहले रेलवे स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वार (मालगोदाम रोड़) पर जिलेवार काउण्टर लगाकर यात्रियों के टिकट जांच की गई और उन्हें कोच तथा सीटाें का आवंटन किया गया। यहां पर वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए देवस्थान विभाग के हनुमानगढ़ तथा बीकानेर कार्यालय के कार्मिकों ने सेवाएं दीं।

—–

उचित मूल्य दुकानदार को जारी प्राधिकार पत्र किया निलम्बित

बीकानेर 4 दिसम्बर। रसद कार्यालय के संयुक्त जांच दल द्वारा ग्राम बज्जू तेजपुरा तहसील कोलायत के उचित मूल्य दुकानदार गणपत राम, वास्ते चार्ज लक्ष्मणराम उचित मूल्य दुकानदार ग्राम ग्रांधी तहसील कोलायत का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

जिला रसद अधिकारी बीकानेर (द्वितीय) गौत्तम चन्द्र जैन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान राशन सामग्री वितरण में अनियमितता पाई जाने के कारण राजस्थान खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक पदार्थ (वितरण का विनियमन) आदेश 1976 के क्लॉज 8 के तहत, उचित मूल्य दुकानदार को जारी प्राधिकार पत्र तुरंत प्रभाव से निलम्बित किया गया है।

—–

निःशक्तता प्रमाणन शिविर आयोजित

बीकानेर, 4 दिसम्बर। पं. दीनदयाल उपाध्याय विशेष योग्यजन शिविर 2017 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में निःशक्तता प्रमाणन शिविर आयोजित किया गया।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एलडी पंवार ने बताया कि शिविर में रोडवेज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, रोजगार, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में आसपास के विभिन्न गांवों से दिव्यांगजन पहंचे। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राधेश्याम वर्मा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ प्रताप सिंह, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ राकेश कुमार गढ़वाल, चिकित्सा अधिकारी डॉ विजेन्द्र, सामाजिक-सुरक्षा अधिकारी सुरेन्द्र एवं ज्योत्सना बारूपाल आदि द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में 162 विशेष योग्यजनों का रजिस्ट्रेशन हुआ एवं 162 विशेष योग्यजनों के निःशक्तता प्रमाणन की प्रक्रिया के सम्बन्ध में कार्यवाही की गई।

—–

सशस्त्र सेना ध्वज दिवस 7 दिसम्बर को

बीकानेर, 4 दिसम्बर। सशस्त्र सेना ध्वज दिवस 7 दिसम्बर को मनाया जाएगा। सेना दिवस पर जिले के विभिन्न विभागों, कार्यालयों, संस्थाओं, निगमों, बोर्डों व आम नागरिकों से शहीद सैनिकों, उनके आश्रितों व वृद्ध असहाय गौरव सेनानियों के कल्याणार्थ चलाई जा रही योजनाओं के लिए फंड एकत्रित करने के लिए स्टीकर्स एवं कार ध्वज वितरित किए जाएंगे।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बी.के.मजूमदार ने बताया कि सेना ध्वज दिवस में दी गई राशि से शहीद सैनिक विकलांग सैनिकों, वृद्ध तथा असहाय गौरव सेनानियों व उनके आश्रितों के लिए चलाई जाने वाली कल्याणकारी योजनाओं के लिए राशि जमा की जाती है, जिससे युद्ध में शहीद विकलांग सैनिकों के परिवारों को वर्ष पर्यंत चलने वाली योजनाओं से मदद की जाती है। ,

कर्नल मजूमदार ने सभी जिलावासियों व आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिकाधिक मात्रा में सहयोग राशि प्रदान कर गौरव सेनानियों, शहीदों व उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करें, जिससे उनका मनोबल बना रहे। सशस्त्र ध्वज दिवस में दान की गई राशि से आयकर में भी छूट प्राप्त होती है।

—–

राजुवास में कृषि शिक्षा दिवस आयोजित

बीकानेर, 4 दिसम्बर। भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के जन्म दिवस को देश में कृषि शिक्षा दिवस (3 दिसम्बर) के अवसर पर वेटरनरी विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं की भाषण, पोस्टर और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता की संयोजक प्रो. उर्मिला पन्नु ने बताया कि “तकनीक का अधिकतम उपयोग हमारी याददाश्त को कम करता है” विषय पर भाषण प्रतियोगिता में उमेश जायसवाल प्रथम स्थान पर रहे। सुशील कुमार यादव द्वितीय और गौरांग शर्मा तृतीय रहे। “किसानों की आत्महत्याएं” विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में सुशील कुमार यादव प्रथम, बीजल यादव द्वितीय और नितिन गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे। “महिला सशक्तीकरण” पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में विजय यादव प्रथम, आकांक्षा शर्मा द्वितीय और उमेश कुमार जायसवाल तृतीय स्थान पर रहे।

——

स्पिरीट-2017 का आगाज मंगलवार को

बीकानेर, 4 दिसम्बर। वेटरनरी कॉलेज में 7 दिवसीय सांस्कृतिक एवं खेलकूद सप्ताह “स्पिरीट-2017” का आगाज मंगलवार को वेटरनरी कॉलेज हॉस्टल मैदान में होगा। वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. छीपा प्रातः 9 बजे इसका विधिवत् उद्घाटन करेंगे।

error: Content is protected !!