बीकानेर, 7 दिसम्बर। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। रोजगार मेला 12 दिसम्बर को तथा तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी 17 दिसम्बर से आयोजित होगी। सभी कार्यक्रम फोर्ट स्कूल मैदान में होंगे।
कार्यक्रमों की तैयारी के संबंध में गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इस अवसर पर देवड़ा ने कहा कि प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल्स लगाए जाएंगे। इनमें विभागों की पिछले चार वर्षों की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। प्रत्येक विभाग समय रहते प्रदर्शनी की तैयारी कर लें। प्रदर्शनी के दौरान स्कूली विद्यार्थियों द्वारा तैयार मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे। स्वच्छता सप्ताह का आयोजन 8 से 13 दिसम्बर तक होगा। इस दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ, स्कूलों एवं कॉलेजों में सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
देवड़ा ने बताया कि 13 दिसम्बर को स्कूलों की प्रार्थना सभाओं में शिक्षा क्षेत्र के नवाचारों, योजनाओं एवं छात्रवृत्तियों से संबंधित जानकारी दी जाएगी। सत्रह दिसम्बर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभांवित किया जाएगा। इस दौरान जिला विकास पुस्तिका का लोकार्पण एवं विभिन्न डाक्यूमेंट्री फिल्मों की लॉचिंग होगी। बैठक में नगर निगम उपायुक्त ताज मोहम्मद, महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक रचना भाटिया, उपनिदेशक कृषि विस्तार डॉ. उदयभान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक एलडी पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
– मोहन थानवी