15 दिवसीय खादी प्रदर्शनी का उद्घाटन

मानव शरीर के लिए सबसे अनुकूल वस्त्र है खादी- गुप्ता

khadiबीकानेर, 22 दिसम्बर। राजस्थान खादी तथा ग्रामो़द्योग बोर्ड व जिला उद्योग केन्द्र की ओर से जूनागढ़ के सामने स्थित ’द बेनीयन ट्री’ स्थल पर 15 दिवसीय जिला स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुक्रवार को जिला कलक्टर अनिल गुप्ता ने उद्घाटन किया।

इस अवसर पर गुप्ता ने कहा कि प्राकृतिक धागा होने के कारण खादी, मानव शरीर के लिए सबसे अनुकूल वस्त्र है। महात्मा गांधी ने आर्थिक स्वावलम्बन हेतु खादी को बढ़ावा दिया। खादी उत्पादों की अधिकाधिक बिक्री हो, इससे ग्रामीण अचलों के बुनकरों को भी आर्थिक सम्बल मिलेगा। आमजन को खादी उत्पादों की जानकारी मिले, इसके लिए मेले का अधिकतम प्रचार-प्रसार किया जाए।

राजस्थान खादी तथा ग्रामो़द्योग बोर्ड के संभाग अधिकारी (खादी) शिशुपाल सिंह ने बताया कि खादी प्रदर्शनी 5 जनवरी तक रहेगी। खादी मेले में खादी एवं ग्रामोद्योग की 15 स्टॉलें लगाई गई हैं, जिनमें ऊनी खादी के विभिन्न प्रकार के गर्म वस्त्र यथा कोट, जैकेट, गाउन तथा पुरुष व महिलाओं के लिए शॉल, पॉली रेश्मी वस्त्रों के साथ ग्रामो़द्योग उत्पादों का विक्रय किया जाएगा। खादी की बिक्री पर 20 से 30 प्रतिशत तक विशेष छूट दी जाएगी। खादी प्रदर्शनी दोपहर बारह बजे से रात आठ बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी। जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक आर.के.सेठिया ने कहा कि प्राइम लोकेशन पर होने के कारण प्रदर्शनी स्थल, पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा व बिक्री को बढ़ावा मिलेगा। श्रीकृष्ण व्यास ने कहा कि खादी इको फ्रेंडली है। आलम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित व संचालन संजय पुरोहित ने किया।

इस अवसर पर विभिन्न खादी संस्थाओं के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। जिला कलक्टर ने फीते की गांठ खोलकर प्रदर्शनी का विधिवत् शुभारम्भ किया व विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया।

error: Content is protected !!