एनडी तिवारी के घर पर महिला का हंगामा

पूर्व मुख्यमंत्री और वयोवृद्ध कांग्रेस नेता एनडी तिवारी के आवास की सुरक्षा में एकबार फिर सेंधमारी की कोशिश हुई। एक महिला ने पहले दूरभाष पर पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी भवानीदत्त भट्ट से दु‌र्व्यवहार किया फिर आवास पर जाकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत किया। इस मसले को गंभीरता से लेते हुए एनडी तिवारी ने उक्त मामले की व्यापक जांच और ओएसडी की सुरक्षा के लिए पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा। इसके बाद एक्शन में आई पुलिस ने ओएसडी को सुरक्षा मुहैया कराने के साथ ही एनडी तिवारी के आवास ‘अनंत वन’ की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने इस मामले में उक्त महिला के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया है। उधर, ओएसडी भवानीदत्त भट्ट ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में उक्त प्रकरण को पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा खराब करने की साजिश का अंदेशा जताया है।

पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी उनके खिलाफ करीबियों पर सुनियोजित साजिश रचने और इस प्रकरण की जांच पर जोर दे चुके हैं। कांग्रेस संगठन के रुख से आहत तिवारी अपना विरोध लिखित बयान में पहले भी दर्ज करा चुके हैं। उनकी उपेक्षा और सुरक्षा में सेंधमारी की कोशिशों ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। दो दिन पहले एक महिला ने नई दिल्ली से आने और वयोवृद्ध नेता एनडी तिवारी से वार्ता करने का हवाला देकर संपर्क साधा। पूर्व मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से उक्त महिला के ठहरने का द्रोण होटल में बंदोबस्त किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी भवानीदत्त भट्ट के मुताबिक उक्त महिला ने दूरभाष पर लंबी वार्ता के दौरान उन्हें धमकाने की कोशिश की। यही नहीं अगले दिन सुबह यानी आठ नवंबर की सुबह उक्त महिला एनडी के आवास अनंत वन पहुंच गई। महिला ने एनडी से एकांत में वार्ता कराने पर जोर दिया। स्टाफ से अनुमति नहीं मिलने पर उसने हंगामा कर दिया। एकाएक हुई इस घटना से पूर्व मुख्यमंत्री आवास में हड़कंप मच गया। गढ़ी कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। इस मामले से खफा एनडी तिवारी ने डीजीपी को पत्र लिखकर उनके खिलाफ की जा रही साजिश की जांच और ओएसडी को सुरक्षा मुहैया कराने को पत्र लिखा। इसके बाद पुलिस ने उनके आवास की सुरक्षा और बढ़ा दी है।

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री के पीएसओ रतन सिंह राणा की तहरीर पर शुक्रवार को गीता नाम की महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। उक्त महिला नई दिल्ली की बताई जा रही है। संपर्क करने पर एसएसपी केवल खुराना ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की। एनडी तिवारी के ओएसडी ने पुलिस में दर्ज कराए बयान में तिवारी के खिलाफ गहरी साजिश का अंदेशा जताया। साजिश में तकरीबन दर्जनभर लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

error: Content is protected !!