जिनपिंग ने संभाला सेना प्रमुख का कार्यभार

चीन के नए नेता और अगले राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सेना प्रमुख का कार्यभार संभाल लिया है। जिनपिंग (59) ने शनिवार को 11 सदस्यीय ताकतवर सैन्य आयोग की पहली बार अध्यक्षता की। इस बैठक में राष्ट्रपति हू जिंताओ भी शामिल थे। जिंताओ ने तय समय से पहले ही सैन्य आयोग का अध्यक्ष पद छोड़ दिया है।

जिनपिंग को गुरुवार को कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) की 18वीं राष्ट्रीय कांग्रेस में नया पार्टी महासचिव और सैन्य आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस बैठक से पहले राष्ट्रपति जिंताओ आयोग के अध्यक्ष और जिनपिंग उपाध्यक्ष थे। नई व्यवस्था के अनुसार जिनपिंग सैन्य आयोग में इकलौते असैन्य सदस्य होंगे। बाकी के 10 सदस्य सेना से होंगे। जिनपिंग मार्च में राष्ट्रपति पद संभालेंगे।

जिंताओ और जिनपिंग ने ताकतवर सेना की निष्ठा की प्रशंसा की। दोनों नेताओं ने कहा कि सेना के कंधे पर राष्ट्र को मजबूत बनाने का बोझ है जिसे सेना जिम्मेदारी से पूरा करेगी। जिंताओ ने 18वीं कांग्रेस के दौरान हुए निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि इनसे देश में शांति, स्थिरता और समृद्धता का माहौल बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिनपिंग अपनी जिम्मेदारियों को भली-भांति समझते हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि वे देश को आगे ले जाएंगे।

जिनपिंग ने समय से पहले सैन्य आयोग का अध्यक्ष पद छोड़ने के लिए जिंताओ की प्रशंसा की है। जिंताओ के पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जियांग झेमिन ने दो साल तक सैन्य आयोग का पद नहीं छोड़ा था।

error: Content is protected !!