सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर बाल ठाकरे पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए शिवसैनिकों ने अभय हरदिया कांबले नाम के एक शख्स के खिलाफ बुधवार को पनवेल पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। शाहीन मामले में फजीहत झेलने वाली पुलिस ने छानबीन के बाद ही कार्रवाई की बात कही है। वहीं, शिवसेना ने इस मामले को आठ दिन में न सुलझा पाने पर पुलिस को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।
रायगढ़ युवा सेना जिलाध्यक्ष भार्गव सामंत और कार्यकर्ता योगेश इंदुलकर के मुताबिक आरोपी शख्स ठाकरे के निधन पर सबको शुभकामनाएं दे रहा है। वह कई आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कर रहा है। शिवसैनिकों ने पुलिस से आठ दिन में कार्रवाई करने या फिर मामले से खुद निपटने का एलान किया है।
पुलिस इंस्पेक्टर कृष्णा कोकाने के मुताबिक उन्होंने शिकायत साइबर क्राइम अधिकारियों को भेज दी है। शिवसेना सुप्रीमो बाल ठाकरे की अंत्येष्टि के दिन मुंबई बंद पर सवाल उठाने पर शाहीन ढाडा और उसकी सहेली रेणु को गिरफ्तार कर लिया गया था। देशभर में पुलिस की इस बर्बर कार्रवाई की निंदा की गई थी। यही वजह है कि अब पुलिस ऐसे मामलों में फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है। (मिड-डे)
पाटिल ने नहीं दिए गिरफ्तारी के आदेश
मुंबई। सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर कमेंट करने वाली दो लड़कियों की गिरफ्तारी के मामले में राकांपा अपने नेता और राज्य के गृह मंत्री आरआर पाटिल के बचाव में उतर आई है। पार्टी ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के लिए पाटिल को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
शाहीन ढाडा और उसकी सहेली रेणु ने शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे की अंत्येष्टि के दिन मुंबई बंद पर सवाल उठाया था। उनकी गिरफ्तारी की देश भर में निंदा की गई। राकांपा प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि शाहीन की टिप्पणी में कुछ भी गलत नहीं था। लेकिन, लड़कियों की गिरफ्तारी के आदेश पाटिल ने नहीं दिए थे।