हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जताया रोष

-देवनानी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लिखा पत्र
-कानून व्यवस्था हो रही चैपट, अजमेर के आमजन में रोष

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 28 फरवरी। अजमेर उत्तर के विधायक व पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखकर मनी एक्सचेंज व्यवसायी मनीष मूलचंदानी की हत्या के आरोपियों की आठ दिन बाद भी अभी तक गिरफ्तारी होने पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था चैपट होती जा रही है और सरकार इसकी रोकथाम के लिए कोई प्रयास नहीं कर रही है।
देवनानी ने पत्र में कहा है कि आगरा गेट पर दिन-दहाड़े मनीष की हत्या हुए करीब आठ दिन बीत गए हैं, लेकिन पुलिस अभी तक हत्या के आरोपियों को गिरफतार करना तो दूर, सुराग तक नहीं लगा सकी है। इससे जाहिर होता है कि कानून व्यवस्था चैपट होती जा रही है और पुलिस लोगों को सुरक्षा नहीं कर पा रही है। हत्या के आरोपियों की अभी तक गिरफतारी नहीं होने से अजमेर शहर के सिंधियों, व्यापारियों और आमजन में रोष व्याप्त है।
पत्र में कहा गया है कि इस घटना को लेकर सिंधी समुदाय में खासा रोष व्याप्त है, इसीलिए बड़ी संख्या में इस समुदाय के लोगों ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट तक मौन जुलूस निकाल कर कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। देवनानी ने चेतावनी दी है कि यदि हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है, तो अजमेर की जनता आंदोलन तेज करने पर मजबूर होगी।
जुलूस में भागीदारी पर जताया आभार
देवनानी ने गुरूवार को मौन जुलूस में बड़ी संख्या में सिंधी समुदाय के लोगों के भाग लेने पर आभार जताते हुए कहा कि हमें हत्या के आरोपियों की गिरफतारी नहीं होने तक चैन से नहीं बैठना है। यदि आरोपी नहीं पकड़े जाते हैं, तो अपराधियों के हौंसले बुलंद हो जाएंगे और शहर का कोई भी व्यक्ति को अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर पाएगा।

error: Content is protected !!