प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद, उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में लिया हिस्सा
अजमेर, 28 फरवरी। अजमेर उत्तर के विधायक व पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को फिर से प्रचंड बहुमत से जिताकर नरेंद्र मोदी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया है।
कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प गुरूवार को देशभर में सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो काॅन्फे्रसिंग के माध्यम से किए गए संवाद के दौरान लिया। अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र का मोदी से संवाद कार्यक्रम बजरंग गढ़ के पास मिराज माॅल में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मंडल और बूथ स्तर के पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। मोदी ने कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए कहा कि वे लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।
इस पर कार्यकर्ताओं ने एकसाथ यह संकल्प लिया कि वे मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे और अपनी तरफ से कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि मोदी के हाथ में देश सुरक्षित है। मोदी ही देश को आतंकवाद से निजात दिला सकते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ की जाने वाली हर कार्यवाही में पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ खड़े हैं। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस बार पाकिस्तान को पूरी तरह ऐसा सबक सिखाया जाए, ताकि वह कभी भी भारत की तरफ आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि मोदी ही देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने पूरे देश में एकसाथ एक करोड़ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल काफी बढ़ा है।
संवाद कार्यकर्ताओं में मेयर धर्मेन्द्र गहलोत, पूर्व मंत्री श्रीकिशन सोनगरा, पूर्व न्यास अध्यक्ष धर्मेश जैन, पूर्व उप सभापति सोमरत्न आर्य, शहर भाजपा के महामंत्री रमेश सोनी, मंडल अध्यक्ष राजकुमार ललवानी, योगेश शर्मा, राजेश शर्मा, शहर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मि शर्मा, सतीश बंसल, जयकिशन पारवानी, पार्षद जे.के. शर्मा, धर्मपाल जाटव, धर्मेन्द्र शर्मा, दीपेंद्र लालवानी, चंद्रेश सांखला, अनीश मोयल, दयालराम सिवासियां सहित बड़ी संख्या में मौजूद रहे।