अजमेर, 29 मार्च। अजमेर उत्तर विधायक एवं पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने प्रदेशभर में चल रहे बूथ सम्पर्क अभियान के तहत शुक्रवार को वार्ड 33 में बूथ संख्या 158 के अधीन आने वाले क्षेत्रों में जनता से घर-घर और दुकान-दुकान जाकर सम्पर्क किया। अधिकांश लोगों ने देवननी से कहा कि देश को अगले कई वर्षों तक मोदी की जरूरत है और वे ही प्रधानमंत्री बनने चाहिए।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन से सम्पर्क करते हुए कहा कि देश को एक बार फिर मजबूत सरकार की जरूरत है, जो नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही मिल सकती है। मोदी सरकार ने ही देश में सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण देने और असंगठित मजदूरों को प्रतिमाह 5 हजार रूपए पेंशन देने की योजना चालू की। इसके अलावा महिलाओं को चूल्हे की धुआं से मुक्ति दिलाने के लिए प्रधानमंत्री उज्जवला योजना चालू की, जिसके तहत लाखों महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए। सवर्णों को आरक्षण देने से देश में सामाजिक समरसता का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही इस देश को मजबूत सरकार देने के साथ-साथ विकास की ओर ले जा सकते हैं।
सम्पर्क के दौरान अनेक लोगों ने देवनानी के साथ चल रहे कार्यकर्ताओं से भाजपा और मोदी के स्टीकर लेकर अपनी दुकानों व मकानों के बाहर चस्पा किए। अनेक लोगों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की रीति-नीति से अवगत कराने वाले पम्पलेट बांटे गए। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सम्पर्क अभियान के दौरान शहर भाजपा के महामंत्री रमेश सोनी, सुरेश गोयल, प्रकाश बंसल, कमलेश शर्मा, विजयसिंह टांक, सुनील शर्मा, किशन बालानी, अजय धानका, अशोक धानका, अनिल शर्मा, लवलेश बंसल, संजय चैहान, प्रदीप अजमेरा, विजय खिलवानी, राजकुमार दोसाया, शिवसिंह चैहान आदि कार्यकर्ता भी देवनानी के साथ रहे।