बीकानेर । भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने जहां एक ओर लोकसभा चुनावों में राजस्थान की सभी सीटों पर जीत का दावा किया वहीं दूसरी ओर वे 23 मई को चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद राजनीतिक रूप से राजस्थान के शासन में उथल-पुथल के संकेत भी दे गए। देवनानी अपने बीकानेर प्रवास के दौरान गुरुवार को होटल वृंदावन में प्रेस वार्ता में बोल रहे थे । भाजपा प्रत्याशी अर्जुनराम मेघवाल के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 3 मई को शार्दुल क्लब मैदान पर प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों को लेकर रखी गई प्रेसवार्ता में उन्होंने वर्तमान शिक्षा प्रणाली पर प्रश्न खड़े करते हुए कहा कि चार माह में कांग्रेस ने शिक्षा का भट्टा बिठाया है। देवनानी ने शिक्षक वर्ग की पीड़ा को बताते हुए कहा कि देश का भविष्य संवारने वाले शिक्षकों को वेतन भी नहीं मिल रहा, बालसभा नहीं हो रही। एक सवाल पर उनका कहना था कि भाजपा सेना के नाम पर वोट नहीं मांग रही, हां, हम सेना के शौर्य का गुणगान करते हैं। पार्टी और नेताओं में मतभेद रहने को नकारते हुए उन्होंने सभी से संपर्क में रहने की बात कही और संकेत दिया कि 23 मई को चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद राजस्थान में राजनीतिक रूप से काफी उथल-पुथल होगी व शासन में फेरबदल होगा ।