कांग्रेसी संकट की इस घड़ी में राजनीति करने से बाज आये : देवनानी

प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 17 मई। विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने कांग्रेसियों को सलाह दी है कि वे कोरोना महामारी और लाॅकडाउन के दौरान इस संकट की घड़ी में राजनीति नहीं करें, बल्कि जनता की पूरी निष्ठा से सेवा करें।
देवनानी ने शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रताप यादव व अन्य कांग्रेसियों द्वारा जिला प्रशासन पर एपीएल परिवारों को राशन वितरण में भेदभाव करने और भाजपा नेताओं के इशारों पर चलने संबंधी लगाए गए आरोप को हास्यास्पद बताया है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी स्वार्थसिद्धि के लिए सरकारी अधिकारियों पर ज्यादा दबाव नहीं बनाएं, क्योंकि सरकारी अधिकारी तो पहले से ही कांग्रेस के आगे नतमस्तक हैं और कांग्रेसियों के चरण छू रहे हैं। फ्लाइंग स्क्वायड बनाने में भी कांग्रेसियों का दखल रहा है। कांग्रेसियों ने सरकारी मशीनरी का कांग्रेसीकरण कर दिया है। सरकारी अधिकारी कांग्रेसियों के इशारों पर ही काम कर रहे हैं। इससे जाहिर होता है कि कांग्रेसियों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार है। देवनानी ने कहा, कांग्रेसियों के इस आरोप में भी कोई दम नहीं है कि विधायक और भाजपा पार्षद जो लिस्ट देते हैं, उनके आधार पर सामग्री उन्हीं के जरिए बांटी जा रही है। उन्होंने कहा, हकीकत तो यह है कि प्रशासन सामग्री भी कांग्रेसियों द्वारा बताई गई जगह पर बांट रहा है। जबकि उन्होंने अपने विधायक कोष से राशि स्वीकृत कर बिना किसी भेदभाव के अजमेर उत्तर के सभी वार्डों और मोहल्लों में जरूरतमंदों को सामग्री का वितरण कराया है।
देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार को कर्नाटक की तर्ज पर जनता को आर्थिक मदद सीधे उनके बैंक खातों में जमा करानी चाहिए। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को क्रियान्विति सुनिश्चित करनी चाहिए और इसमें किसी तरह की राजनीतिक भेदभाव नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लाॅकडाउन के दौरान गरीबों और मजदूरों के लिए केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई योजनाओं का लाभ वांछित लोगों को नहीं मिल पा रहा है। इसलिए सरकार को योजनाओं पर अमल में तेजी लानी चाहिए।

error: Content is protected !!