कोइराला के नेतृत्व वाली सरकार पर माओवादियों को एतराज

नेपाल के मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस [एनसी] ने एक बार फिर पार्टी अध्यक्ष सुशील कोइराला के नेतृत्व में सरकार बनाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। हालांकि, माओवादियों ने नेपाल को राजनीतिक संकट से निकालने के लिए एक अलग ही फॉर्मूला सुझाया है। उनका कहना है कि सरकार दो चरणों में बनाई जाए। पहले माओवादी नेता प्रचंड प्रधानमंत्री पद संभाले, फिर कोइराला।

राजधानी काठमांडू में शनिवार से चल रहे नेपाली कांग्रेस के सम्मेलन में पारित प्रस्ताव में कोइराला के नेतृत्व में आम सहमति की सरकार बनाने की बात कही गई है। महासचिव प्रकाश मान सिंह ने कहा कि पार्टी में कोइराला के नाम पर सर्वसम्मति है। पार्टी चाहती है कि अप्रैल-मई, 2013 में आम चुनाव करवा लिए जाएं। उन्होंने नेपाल में जारी राजनीतिक संकट के लिए माओवादियों को जिम्मेदार ठहराया।

इस बीच, प्रधानमंत्री बाबूराम भट्टराई के राजनीतिक सलाहकार देवेंद्र पौंडियाल ने कहा कि बिना सर्वसम्मति के सत्ता नहीं सौंपी जाएगी। माओवादी नेता प्रचंड के नेतृत्व में सरकार गठन के प्रयास किए जाएंगे। इसमें नेपाली कांग्रेस के साथ समझौता भी हो सकता है। उन्हें चाहिए कि वे प्रचंड को प्रधानमंत्री बनने दें। दूसरे चरण में कोइराला को सत्ता दे दी जाएगी।

error: Content is protected !!