देशभर में दुष्कर्म व छेड़खानी के खिलाफ जगी अलख के बीच फिर समाज को शर्मसार करने वाली एक घटना हुई है। बिहार में आरा-बक्सर रेल मार्ग पर दिल्ली की ओर जा रही 4055 अप ब्रह्मापुत्र मेल की एसी कोच में गुरुवार दोपहर सेना के एक जवान ने युवती के साथ टॉयलेट में दुष्कर्म का प्रयास किया। टॉयलेट का दरवाजा खुलते ही युवती ने ट्रेन से छलांग लगा दी। उसे बेहद गंभीर हालत में आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी फौजी रमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान कराने के लिए पीड़ित के होश में आने का इंतजार कर रही है। ट्रेन के बी-1 कोच में सफर कर रहे एक अन्य फौजी एडी उपाध्याय के बयान पर बक्सर जीआरपी में मामला दर्ज किया गया है। उपाध्याय को बक्सर में ही उतरना था। उन्होंने बताया कि ट्रेन दोपहर दो बजे के लगभग जैसे ही आरा स्टेशन से आगे बढ़ी, उन्होंने अपना सामान गेट पर रखना शुरू किया। इसी दौरान एक युवती टॉयलेट में दाखिल हुई। उसके पीछे आरोपी फौजी भी दाखिल हो गया। पांच-छह मिनट बाद दरवाजा खुला। टॉयलेट से तेजी से बाहर निकली युवती ने ट्रेन के दरवाजे से बाहर छलांग लगाने का प्रयास किया।
उपाध्याय ने युवती को पकड़ा और अंदर की ओर खींचा। इसके बाद युवती हाथ छुड़ाकर बगल के बोगी में पहुंची और दरवाजे से बाहर छलांग लगा दी। उपाध्याय ने इसकी सूचना बोगी की महिला टीटीई को दी। उसने जानकारी आरा स्टेशन प्रबंधक को दी। आरा रेल पुलिस ने घायल युवती को ट्रैक किनारे से बरामद कर अस्पताल पहुंचाया। ट्रेन जैसे ही बक्सर स्टेशन पर रुकी, उपाध्याय ने इसकी सूचना रेल पुलिस को दी। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी रमेश हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के छोआल गांव का रहने वाला है। वह अरुणाचल में बीस-जेके राइफल्स का जवान है। फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक पीड़ित दार्जिलिंग की बताई जा रही है।