दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न की वारदातों में किसी भी तरह का अंकुश लगता नहीं दिख रहा है। देश की आर्थिक राजधानी में ही अकेले तीन ऐसी शर्मसार करने वाली घटनाएं प्रकाश में आई हैं।
मंगलवार को महानगर में सात साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में 32 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। दूसरी घटना में गर्लफ्रेंड से दुष्कर्म करने के लिए उत्तर प्रदेश के 25 साल के एक युवक को धरा गया है। शहर की ही एक अन्य वारदात में तीन शिक्षकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। इन पर 15 साल की छात्रा का यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। उधर, अहमदाबाद में 37 साल की एक महिला ने पुलिस इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
पहली घटना में शशिकांत ओझा नाम के एक शख्स को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह हैवान बच्ची को चॉकलेट खिलाने और खरगोश दिखाने का लालच देकर घर बुलाता था। इस दौरान तीन-चार बार उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के व्यवहार में बदलाव के बाद परिजनों ने पुलिस में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।
दूसरी घटना में मनीष सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उस पर दुष्कर्म और अपहरण के आरोप लगे हैं। मनीष कुछ दिन पहले 19 साल की एक लड़की को भगा ले गया था। दुष्कर्म की छींटें खाकी तक भी पहुंचीं हैं। अहमदाबाद में इंस्पेक्टर एफएम कुरैशी के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।