भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार के पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी यदि देश के प्रधानमंत्री होते तो पाकिस्तानी सैनिकों की सीमा पर की गई बर्बर कार्रवाई का 24 घंटे के अंदर बदला ले लिया जाता।
बिहार के बांका जिले में पत्रकारों से बातचीत में गिरिराज सिंह ने कहा कि जिस तरह पाकिस्तानी सैनिकों ने भारतीय सेना के दो जवानों की बर्बर हत्या की, यदि आज मोदी देश के प्रधानमंत्री होते तो वह ऐसी हिम्मत नहीं करते और अगर कर भी लेते तो 24 घंटे के अंदर उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ता। उन्होंने कहा कि आज देश को मजबूत प्रधानमंत्री की जरूरत है, जो देशहित में तुरंत और सही फैसला ले सके। उ
भाजपा नेता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान द्वारा कारगिल में की गई सैनिक कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया गया था और इस युद्ध में भारत को विजय दिलाकर देश की मर्यादा की रक्षा की गई थी।
सिंह ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद का केंद्र बन गया और सीमा पर उसके सैनिक बेवजह गोलियां चलाकर भारतीय सैनिकों की हत्याएं कर रहा है। उन्होंने पाकिस्तान के सैनिकों द्वारा भारतीय सेना के एक जवान की सिर काटने की बर्बर घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और रक्षा मंत्री एके एंटोनी की कमजोर और ढुलमुल नीति के कारण ही पाकिस्तान जैसा देश भी भारत को आंख दिखा रहा है।
उन्होंने कहा कि संप्रग में शामिल सभी दल वोट की राजनीति कर रहे हैं और इसके कारण ही वे पाकिस्तान के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने से कतराते हैं। सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के साथ सभी तरह के संबंध को तुरंत समाप्त कर देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों की कार्रवाई के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश है और ऐसी स्थिति में रक्षा विशेषज्ञों की सलाह पर भारत को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।