विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने चाचीजी की स्कूल में बालिकाओं से किया संवाद

अजमेर, 11 जनवरी। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारतीय नारी सदैव से समर्थ, सशक्त और स्वालम्बी रही हैं। भारतीय इतिहास एवं प्राचीन ग्रंथ हजारों ऎसे उदाहरणों से भरे पड़े है जहां महिलाओं ने अपने आत्मबल, चरित्रबल और शक्ति से समाज के सामने एक सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया। वर्तमान युग में भी बालिकाओं को ऎसे ही समर्थ व सशक्त भूमिका निभानी होगी। बालिकाएं स्वयं को सशक्त कर देश, समाज व परिवार की रक्षा और सुरक्षा का बीड़ा उठाएं।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को केसरगंज स्थित चाचीजी की स्कूल में बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए दण्ड वितरण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में महिलाओं का विशिष्ट योगदान व महत्व रहा है। भारतीय महिलाओं ने अपनी विद्वता एवं वीरता से समाज के समक्ष हजारों अनूठे और अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किए है। भारतीय नारी देश के ग्रंथों और इतिहास में मुख्य भूमिका में रही है। सदियों से हम उनकी वीरता, उनकी विद्वता एवं उनकी सहृदयता से प्रेरित और प्रोत्साहित आए है। समाज ने उनसे सभी को एक सूत्र में बांधकर रखना सीखा है। नारी की सशक्त भूमिका, जो भारतीय संस्कृति में रही है, उसने पूरे विश्व को प्रेरणा दी है।

श्री देवनानी ने बालिकाओं का आह्वान किया कि वे सशक्त और समर्थ बनकर देश, समाज और परिवार की रक्षा व सुरक्षा में योगदान करे। उन्होंने कहा कि भारतीय बालिकाएं आत्मरक्षा और आध्यात्मिक उन्नति के लिए शास्त्र व शस्त्र दोनों का अभ्यास करे और जरूरत पड़ने पर उनका प्रयोग करे। आज जिस तरह की परिस्थतियां है उसमें बालिकाओं को सतर्क और सशक्त रहने की आवश्यकता है। बालिकाएं किसी से कम नहीं है। वे शारीरिक क्षमताओं को बढ़ाने के लिए अभ्यास करे और दण्ड चलाना सीखें। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सैंकड़ों बालिकाओं को दण्ड वितरित किए।

इस अवसर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी सहित स्कूल प्रशासन, जन प्रतिनिधि, विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!