जिले में वार्ड से लेकर गांवों तक तिरंगा यात्रा, महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने वीसी के माध्यम से दिए निर्देश
अजमेर, 7 अगस्त। हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता अभियान के सफल संचालन के लिए जिला एवं समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ गुरुवार को जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में वीसी के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया। इसमें राज्य एवं भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार आगामी स्वतंत्रता सप्ताह 15 अगस्त 2025 तक के आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने अभियान के तीनों चरणों को प्रभावी तरीके से जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
वार्ड से गांव तक गतिविधियां, तिरंगे से सजेगा हर घर
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय वार्ड स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जाएं। स्वयंसेवकों की नियुक्ति कर, घर-घर झंडा वितरण किया जाएगा। सभी राजकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में झंडारोहण एवं तिरंगा लाइटिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की प्रमुख भूमिका के साथ सभी स्कूलों में रंगोली प्रतियोगिता, झंडा सजावट, एनसीसी एवं स्काउट कैडेट्स की सहभागिता से विभिन्न कार्यक्रम होंगे। तिरंगा सेल्फी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही तस्वीरें ूूूण्ींतहींतजपतंदहंण्बवउ पोर्टल पर अपलोड किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
श्री लोक बन्धु ने कहा कि यह अभियान तीन चरणों में आयोजित होगा। पहले चरण में 8 अगस्त तक स्कूलों की दीवारों की सजावट, तिरंगा रंगोली और तिरंगा राखी निर्माण जैसी गतिविधियाँ आयोजित होंगी। इन आयोजनों में जनसमुदाय, विद्यार्थी और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय रूप से सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार दूसरे चरण में 9 से 12 अगस्त स्वच्छता को विशेष महत्व दिया गया है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक स्वच्छता गतिविधि अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए श्रमदान, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के प्रति अभियान, जल स्रोतों की सफाई और शौचालयों के रख-रखाव को प्राथमिकता दी जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इस चरण में तिरंगा मेला और तिरंगा कॉन्सर्ट का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें स्थानीय उत्पादों की बिक्री, स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए तिरंगा रंग आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया जाए।
उन्होंने कहा कि तीसरे चरण में 13 से 15 अगस्त जिले के सभी राजकीय भवनों, विद्यालयों, कार्यालयों, पुलों, बांधों और अन्य महत्त्वपूर्ण स्थलों पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ लाइटिंग की जाएगी। इस चरण में तिरंगा यात्रा, सांस्कृतिक संध्या, देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुति, समूह व्यायाम और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। सभी कार्यक्रमों में आमजन, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
तिरंगा महोत्सव व तिरंगा सेल्फी पॉइंट्स से बनेगा जनआंदोलन
बड़े नगरीय निकायों में तिरंगा महोत्सव और सेल्फी पॉइंट्स स्थापित किए जाएंगे। समस्त ग्राम पंचायतों एवं नगरीय वार्डों में तिरंगा रैली आयोजित कर आमजन, जनप्रतिनिधि एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
जन-जन से आह्वान
जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे इस राष्ट्रप्रेम और स्वच्छता के आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करें, अपने घरों पर तिरंगा फहराएं, सेल्फी विद तिरंगा पोर्टल पर फोटो अपलोड करें और देशभक्ति के रंग में रंगे अजमेर को हरियाली और स्वच्छता के साथ सजाएं।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा अनुसार हर घर तिरंगा अभियान की गतिविधियां प्रत्येक गांव से वार्ड तक आयोजित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वेबसाइट पर अपलोड भी किया जाए।
हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी किए गए पौधारोपण की जियो टैगिंग कर उसे हरियालो राजस्थान पोर्टल पर तत्काल अपलोड करें। इसमें तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्यवाही सुनिश्चित करे।
उन्होंने पौधों की दीर्घकालिक सुरक्षा एवं जीवित रहने की दर बढ़ाने के लिए उनके नियमित रख-रखाव, सिंचाई और सुरक्षा प्रबंध करने के भी निर्देश दिए। साथ ही जिले की राज्यस्तरीय रैंकिंग सुधारने के लिए प्रत्येक विभाग को अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार त्वरित प्रगति करने को कहा।
उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि के पश्चात जर्जर भवनों, सड़कों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य राजकीय भवनों जिसमें मरम्मत की आवश्यकता है। इसके प्रस्ताव जल्द भिजवाया जाना सुनिश्चित किया जाए। जर्जर विद्यालयों भवनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएं। व्यवस्था होने तक अवकाश रखा जाए। इसके साथ ही फसल में खराबे से सम्बंधित रिकॉर्ड पटवारी द्वारा समय पर दर्ज किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
राज्य सरकार की मंशा अनुसार संचालित वित्तीय समावेशन शिविरों में अधिकाधिक व्यक्तियों को मुख्यधारा में लाने के लिए वित्तीय सेवाओं से जोड़ा जाए। साथ ही दुर्घटना से सुरक्षा के लिए बीमा से जोड़कर लाभ दिया जाए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेंद्र सिंह राठौड़, श्रीमती वंदना खोरवाल एवं ज्योति ककवानी, उपखंड अधिकारी गरिमा नरूला, अजमेर विकास प्राधिकरण के उपायुक्त श्री सूर्यकांत शर्मा, सहित अन्य अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।