अब भारत बनेगा सनातन राष्ट्र दिल्ली में होगा शंखनाद महोत्सव, 300 से ज्यादा संत और देशभर की कई हस्तियां करेंगी शिरकत

अयोध्या जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद अब भारत को सनातन राष्ट्र बनाने की तैयारी है। सुरक्षा, संस्कृति और शौर्य का पुनर्जागरण करने के उद्देश्य से सनातन संस्था एवं सेव कल्चर सेव भारत फाउंडेशन के बैनर तले ‘सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव’ का भव्य आयोजन होगा। आगामी 13 व 14 दिसंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम होने वाले इस कार्यक्रम में देशभर से धार्मिक, राजनीतिक, शिक्षा, उद्योग और अन्य क्षेत्रों की कई हस्तियां और 300 से अधिक संत शामिल होंगे। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास कोषाध्यक्ष और कृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट के उपाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज महोत्सव में मार्गदर्शन  करेंगे।
 
दो दिन में होंगे कई विशेष सत्र
सेव कल्चर सेव भारत संस्था के अध्यक्ष एवं भारत के पूर्व सूचना आयुक्त उदय माहूरकर ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव में सनातन संस्कृति संवाद, राष्ट्रीय संस्कृति सुरक्षा, आतंकवाद-नक्सलवाद की पृष्ठभूमि, रक्षा नीति तथा राष्ट्रबल सुदृढ़ीकरण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के उद्बोधन होंगे। दूसरे दिन विश्वकल्याणकारी सनातन राष्ट्र, भारत की सुरक्षा, रणसंवाद – युद्ध और भारत विषय पर विशेष सत्र आयोजित होगा।
 
दुर्लभ शिवकालीन शस्त्र प्रदर्शनी होगी आकर्षण
हिन्दू जनजागृति समिति के मार्गदर्शक सद्गुरु डॉ. चारुदत्त पिंगले ने बताया कि महोत्सव के तहत दुर्लभ शिवकालीन शस्त्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। भारत मंडपम के एक्ज़िबिशन हॉल संख्या 12 में 13 से 15 दिसंबर तक तीन दिवसीय प्रदर्शनी में शिवकालीन शस्त्र, सनातन संस्कृति, राष्ट्र, कला एवं आध्यात्मिक वस्तुएं प्रदर्शित की जाएंगी। इस प्रदर्शनी में छत्रपति शिवाजी महाराज के काल वाले 250 से अधिक दुर्लभ ऐतिहासिक शस्त्र प्रदर्शित होंगे। नागरिक सुबह 10 से रात 8 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे। पारंपरिक एवं प्राचीन युद्धकलाओं के रोमांचकारी प्रदर्शन, सोमनाथ शिवलिंग, पानी पर तैरने वाला दिव्य रामसेतु पत्थर, विभिन्न तरह के शंख और रुद्राक्ष महोत्सव के मुख्य आकर्षण होंगे।
 
संतों के संगम से बहेगी धर्म गंगा
सनातन संस्था के राष्ट्रीय प्रवक्ता चेतन राजहंस ने बताया कि भारत मंडपम में देशभर से संतों का संगम होगा और धर्म की गंगा प्रवाहित होगी। शंखनाद महोत्सव में आध्यात्मिक संत स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज, योग गुरु स्वामी रामदेव, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद महाराज जी समेत देशभर से 300 से अधिक संत सनातन और राष्ट्र को जीवंत और जागृत करने का संकल्प लेंगे।
 
कई राज्यों के मुख्यमंत्री को आमंत्रण
सनातन संस्था के प्रवक्ता अभय वर्तक ने बताया कि दो दिवसीय विशेष सत्रों में केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री श्रीपद नायक, केंद्रीय सुरक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया उदय ललित, भारत सरकार के पूर्व मुख्य सुरक्षा सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल विनोद खांडरे, विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज समेत विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन शामिल होंगे। आयोजन के लिए गोवा, उत्तराखंड सहित कई  राज्यों के मुख्यमंत्री को भी आमंत्रित किया है।
 
राजस्थान की यह हस्तियां करेंगी शिरकत
सनातन राष्ट्र शंखनाद महोत्सव में राजस्थान से भी कई हस्तियां शिरकत करने दिल्ली पहुंचेगी। राजस्थान समन्वयक आनंद जाखोटिया ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मेहंदीपुर बालाजी सिद्ध पीठाधीश्वर नरेश पुरी महाराज, भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री कृष्ण कुमार विश्नोई, सर्व ब्राह्मण महासभा के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा, संयुक्त भारतीय धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर, ज्ञानम फाउंडेशन के संस्थापक महंत दीपक गोस्वामी, आदि गौड़ ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष घनश्याम शर्मा, भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी व अन्य लोग शामिल होंगे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!