नृत्य प्रतिभा से चमकी जान्हवी, वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल का बढ़ाया गौरव

ब्यावर: प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का सुंदर संगम प्रस्तुत करते हुए श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल, ब्यावर की कक्षा 1 की छात्रा जान्हवी सोनी ने जोधपुर में 24 प्लस चैनल द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित डांसिंग फेस्टिवल नाच-18 के ग्रैंड फिनाले में शानदार प्रदर्शन कर 1 से 6 वर्ष आयु वर्ग में द्वितीय उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से उन्होंने विद्यालय एवं ब्यावर का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न शहरों से आए प्रतिभागियों के बीच जान्हवी ने अपनी प्रभावशाली मंच प्रस्तुति, आत्मविश्वास एवं आकर्षक अभिव्यक्ति से निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
जान्हवी की इस उल्लेखनीय सफलता पर वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख, वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय के अकादमिक डायरेक्टर डॉ. रमेशचंद लोढ़ा तथा वर्द्धमान गर्ल्स स्कूल के प्राचार्य अरविंद नाहर ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलना अत्यंत आवश्यक है। जान्हवी ने अपनी मेहनत और लगन से यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे बच्चे भी बड़े मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
डॉ. रमेशचंद लोढ़ा ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। जान्हवी की सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देगी।
प्राचार्य अरविंद नाहर ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ कला, संस्कृति एवं खेल के क्षेत्र में भी उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करता है। जान्हवी की उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व एवं प्रेरणा का विषय है।
अंत में विद्यालय परिवार ने जान्हवी सोनी को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!