शिव मंदिर आदर्श नगर में तिरुपति बालाजी की प्राण प्रतिष्ठा, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

अजमेर, 12 जुलाई। शिव मंदिर आदर्श नगर में भगवान श्री तिरुपति बालाजी का दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। महोत्सव में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किए।
समिति के सचिव सुनील गोयल ने बताया कि 11 जुलाई को तिरुपति से पधारे विद्वान आचार्य के सान्निध्य में पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस पर भगवान के विग्रह का विभिन्न अधिवास कराया गया तथा हवन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। रात्रि में भगवान के शयन के साथ प्रथम दिवस के कार्यक्रम का समापन हुआ।
रविवार प्रातः मंगलाचरण के साथ भगवान को जागृत किया गया। इसके पश्चात जल, दूध, दही, शहद, गंगाजल एवं शर्करा से पंचामृत अभिषेक किया गया। प्रातः 9:30 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री तिरुपति बालाजी की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई। इस अवसर पर भगवान के प्रथम दर्शन घोड़े, गौमाता एवं कुंवारी कन्या द्वारा कराए गए, जो समारोह का विशेष आकर्षण रहा।
यजमान श्री बी.पी. मित्तल, श्रीमती सुषमा मित्तल, श्री अनूप मित्तल, श्रीमती श्रुति मित्तल, डॉ. अनुज मित्तल, डॉ. वनिता मित्तल एवं उनके परिवारजनों ने विधिवत हवन में आहुतियां दीं। हवन की पूर्णाहुति के बाद भगवान का भव्य श्रृंगार एवं महाआरती की गई।
महोत्सव में अजमेर दक्षिण की विधायक श्रीमती अनीता भदेल सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर यजमान परिवार द्वारा महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
अंत में आदर्श सनातन धर्म एवं विकास समिति, शिव मंदिर आदर्श नगर के सचिव सुनील गोयल ने यजमान परिवार, अतिथियों एवं सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
सुनील गोयल 
सचिव
आदर्श सनातन धर्म  सभा एवं विकास स्वामी विकास समिति शिव मंदिर आदर्श नगर अजमेर

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!