आनासागर झील की सफाई, नगर निगम ने ताकत झोंकी

कई डम्पर मलबामृत मछलियां एवं कचरा हटाया

दुर्गंध से मुक्ति दिलाने व सफाई के लिए लगातार प्रयास कर रहा है निगम

     अजमेर, 20 जुलाई। आनासागर झील में जल स्तर कम होने, तेज गर्मी एवं मौसमी बदलाव के कारण उत्पन्न दुर्गंध और जल प्रदूषण की स्थिति से राहत दिलाने के लिए नगर निगम अजमेर ने विशेष सफाई अभियान तेज कर दिया है। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सोमवार को झील के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी मात्रा में मलबा, जलीय खरपतवार (वीड्स), कचरा एवं मृत मछलियों को निकाला गया।

     नगर निगम आयुक्त श्रीमती नित्या के. ने बताया कि आनासागर झील के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा जल गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से निगम द्वारा लगातार विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत एनसीसी जेट्टी से लिंक रोड तक एक टीम द्वारा जलीय खरपतवार एवं मृत मछलियों की सफाई कर एक डम्पर अपशिष्ट हटाया।

     इसी प्रकार लिंक रोड (पुरानी चौपाटी) से जी मॉल क्षेत्र तक एलआर पोकलेन एवं दो सफाई टीमों की सहायता से अभियान चलाकर 11 डम्पर मलबा, जलीय खरपतवार एवं मृत मछलियां हटाई गईं। वहीं जी मॉल के पीछे से भावल माता मंदिर तक जेसीबी मशीन के माध्यम से सफाई कर दो डम्पर मलबा एवं अन्य अपशिष्ट हटाया गया।

     उन्होंने बताया कि भावल माता मंदिर से गुलमोहर कॉलोनी होते हुए गोविंदधाम क्षेत्र तक तीन टीमों ने मैन्युअल सफाई अभियान चलाकर 32 बैग मृत मछलियों का संग्रहण कर उनका सुरक्षित निस्तारण किया। वहीं रीजनल चौपाटी एवं सेवन वंडर्स के पीछे भी एक टीम द्वारा मैन्युअल सफाई करते हुए 38 बैग मृत मछलियों को हटाया गया।

     उन्होंने बताया कि निगम द्वारा सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 14 डम्पर मलबा, जलीय खरपतवार एवं अन्य अपशिष्ट हटाया गया, जबकि 70 बैग मृत मछलियों का वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित निस्तारण किया गया।

     नगर निगम आयुक्त श्रीमती नित्या के. ने बताया कि आनासागर झील की स्वच्छता बनाए रखने, जल गुणवत्ता में सुधार लाने तथा आमजन को दुर्गंध से राहत दिलाने के लिए यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि निगम झील के संरक्षण एवं पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा नियमित निगरानी के माध्यम से सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!