अजमेर, 22 जुलाई। आनासागर झील में जल संरक्षण और स्वच्छता की भावना को साकार करते हुए वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत बुधवार को त्रिदिवसीय श्रमदान अभियान का शुभारंभ हुआ। आनासागर के तट पर हजारों लोगों की भागीदारी ने जन अभियान का रूप ले लिया। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु सहित प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्त्ताओं, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने श्रमदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा स्वच्छ भारत मिशन शहरी तथा मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अन्तर्गत जल संचय जन भागीदारी 3.0 में बुधवार को प्रातः आनासागर झील के तीन दिवसीय सफाई अभियान का शुभारम्भ किया गया। वृहद् स्तर पर आयोजित इस श्रमदान कार्यक्रम में हजारों व्यक्तियों ने भाग लिया। इसमें अजमेर शहर के निवासियों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों ने सहभागिता की।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि आनासागर के स्वच्छता अभियान में विभागीय अधिकारियों, कर्मिकों एवं स्थानीय निवासियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। पहले भी लगातार कचरा हटाने की कार्यवाही की गई थी। मशीनों के साथ-साथ व्यक्तियों द्वारा भी सफाई की जा रही है। इसे आगे भी जारी रखा जाएगा। आनासागर के किनारे पर जहां भी खाली जगह मिलती है नगर निगम द्वारा सफाई की जा रही है। पहले भी 200 डम्पर से अधिक कचरा बाहर निकाला गया है।
नगर निगम आयुक्त श्रीमती नित्या के. ने कहा कि नगर निगम द्वारा आनासागर की सफाई के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। मशीनों के द्वारा उठाए गए कचरे को हटाने के लिए डम्पर एवं ट्रेक्टर लगे हुए है। इस कचरे का नियमानुसार निस्तार कर रहे है। आनासागर का सफाई अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने कहा कि आनासागर झील अजमेर का हृदय है। यह ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जल स्त्रोत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में जल संरक्षण के लिए चल रहे प्रयासों को गति देने के लिए यह अभियान जन सहभागिता का सशक्त उदाहरण है। सभी को मिलकर प्लास्टिक मुक्त शहर की दिशा में काम करना होगा।
तीन दिवसीय सफाई अभियान का शुभारंभ श्री बंवाल माता जी के मन्दिर के पूजन के उपंरात किया गया। प्रेम प्रकाश आश्रम के महंत श्री रामप्रकाश जी ने कहा कि जल स्त्रोतों की सफाई करने से उन्हें नया जीवन मिलता है। आनासागर अजमेर की पहचान है। यहां पर श्रमदान सभी को करना चाहिए। इसके अतिरिक्त अन्य जल स्त्रोतों पर भी इसी प्रकार सफाई की जाए। जतोई दरबार के श्री फत्तन दास जी तथा झूलेलाल धाम के प्रधान ट्रस्टी श्री प्रभु लोंगानी ने भी पूजन किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हिमान्शु जांगिड़, अधिकारीगण, पुलिस के जवानों, सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवकों तथा समाजसेवियों ने श्रमदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।